पूर्व श्रीलंकाई कप्तान तिलकरत्ने महिला टीम के मुख्य कोच नियुक्त

punjabkesari.in Wednesday, Jun 02, 2021 - 08:29 PM (IST)

कोलंबो : पूर्व श्रीलंकाई कप्तान एवं बल्लेबाज हसन तिलकरत्ने को श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है। उन्होंने एक जून को आधिकारिक रूप से यह पद संभाला है। फिलहाल उनके साथ 31 दिसंबर तक अनुबंध किया गया है। समझा जाता है कि यह नियुक्ति केवल औपचारिकता है। दरअसल एसएलसी वर्ष के अंत में कई अनुबंधों को रिन्यू करने के लिए तैयार है। ऐसे में तिलकरत्ने अगले दो से तीन साल तक इस पद पर बन रह सकते हैं। 

उनका पहला काम 2022 एकदिवसीय विश्व कप और अगले साल की शुरुआत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफायर के लिए टीम को तैयार करना होगा। एसएलसी ने यह भी पुष्टि की है कि वह अगले कुछ महीनों में एक या दो दौरों की व्यवस्था करने पर विचार कर रहा है। महामारी के कारण श्रीलंका की महिला टीम ने मार्च 2020 में टी-20 विश्व कप के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है।

तिलकरत्ने ने मुख्य कोच के रूप में नियुक्ति के बाद कहा कि लड़कियों के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात है। वे बहुत प्रतिभाशाली और कुशल हैं। मैं चुनौती का इंतजार कर रहा हूं। आईसीसी द्वारा महिला क्रिकेट में पैसा निवेश करने के फैसले को सही ठहराना मेरा मकसद है। चामरी अट्टापट्टू के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन और भी प्रतिभाशाली लड़कियां हैं। केवल उन्हें ठीक से संभालने की जरूरत है। तिलकरत्ने का मानना है कि यह कदम इस बात का संकेत है कि एसएलसी देश में महिलाओं के खेल को लोकप्रिय बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। विश्व विजेता श्रीलंकाई टीम का हिस्सा रहे तिलकरत्ने वर्ष 2018 से 2020 तक श्रीलंका की अंडर-19 टीम के कोच भी रह चुके हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Raj chaurasiya

Recommended News

Related News