PBKS vs GT : ''वह बड़े मैचों का खिलाड़ी है'', अय्यर ने जीत के बाद इस खिलाड़ी के लिए इस्तेमाल किए खास शब्द

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 02:07 PM (IST)

न्यू चंडीगढ़ : कप्तान श्रेयस अय्यर ने डेब्यू करने वाले कूपर कॉनोली की शांत और संयमित पारी की तारीफ की। यह तारीफ उन्होंने तब की जब पंजाब किंग्स (PBKS) ने मंगलवार को न्यू चंडीगढ़ के PCA के नए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अपने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मैच में गुजरात टाइटन्स (GT) पर तीन विकेट से जीत दर्ज की। हालांकि इस दौरान उन्होंने विजयकुमार वैशाख को बड़े मैचों का खिलाड़ी बताया। 163 रनों का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने कॉनोली की नाबाद 72 रनों की पारी की बदौलत 19.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली, भले ही आखिर में टीम ने लगातार विकेट गंवाए थे। 

अय्यर, जो लक्ष्य का पीछा करते समय चोटिल हो गए थे, ने अपनी फिटनेस के बारे में भी बात की और कहा, 'मेरे हाथ के बारे में मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि यह ठीक है, जैसा पहले था, वैसा ही है। मैं किसी चीज को नजर नहीं लगाना चाहता।' पंजाब के कप्तान ने कॉनोली की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'उसने कुछ ऐसे शॉट खेले जो देखने में अविश्वसनीय थे, खासकर राशिद की गेंद पर खेला गया शॉट।' 

अय्यर ने माना कि लक्ष्य का पीछा करते समय एक ऐसा पल भी आया था जब पंजाब ने तेजी से विकेट गंवाए थे। उन्होंने आगे कहा, 'मैं अंदर अपने हाथ पर ध्यान दे रहा था और उस पर बर्फ लगा रहा था। अचानक, हमने लगातार दो विकेट गंवा दिए, IPL में ऐसी चीज़ें होती रहती हैं। आपको शांत और संयमित रहना होता है, कूपर वहां मौजूद था, वह शांत और संयमित था।' 

उन्होंने यह भी बताया कि टीम ने मैच की शुरुआत में पिच का अंदाजा कैसे लगाया। अय्यर ने कहा, 'तीसरे ओवर के बाद हमें एहसास हुआ कि विकेट धीमा है। अर्शदीप आया और उसने बताया कि गेंद थोड़ी रुककर आ रही है। हमने जितनी जल्दी हो सके गेंद को पुराना करने की कोशिश की।' 

कप्तान ने विजयकुमार वैशाख की भी तारीफ की जिन्होंने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए। उन्होंने कहा, 'वैशाख उसी लय को आगे बढ़ा रहा है जिसमें उसने पिछले सीजन में प्रदर्शन किया था। वह बड़े मैचों का खिलाड़ी है।' अय्यर ने मैच से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया और बताया कि वह एक अनोखी फील्डिंग पोजिशन देखकर हैरान रह गए थे। शुभमन गिल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे अपने लिए 'शॉर्ट लेग' पर फील्डर देखकर हैरानी हुई। मैंने शुभमन से कहा कि मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा था; कप्तानों को इस तरह आक्रामक फील्डिंग लगाते देखना अच्छा लगता है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News