''वह सिर्फ स्टाइल के लिए हैं और कुछ नहीं करते'', RR के कप्तान पर जमकर भड़के भारत के पूर्व बल्लेबाज
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 03:35 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ IPL 2026 के मुकाबले में हार के बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज कृष्णमाचारी श्रीकांत ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर जमकर भड़के। रॉयल्स पूरी तरह से पस्त हो गए और पराग के कप्तानी वाली टीम 57 रन से हार गई जिसके बाद कुछ फैसलों पर सवाल उठे। बल्ले से उनका अपना फॉर्म भी चिंता का विषय रहा है, खासकर तब जब टीम को बड़े लक्ष्य का पीछा करना था और वह एक बार फिर कोई असर नहीं डाल पाए। पराग मौजूदा IPL सीजन में सिर्फ एक बार 20 रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं।
भारत के पूर्व कप्तान श्रीकांत ने अपने YouTube चैनल पर पराग पर जमकर निशाना साधा और उन्हें "सिर्फ स्टाइल के लिए मौजूद" बताया। उन्होंने कहा, 'वह सिर्फ स्टाइल के लिए हैं। हमेशा की तरह उन्होंने बल्ले से कुछ नहीं किया, लेकिन मैच के बाद होने वाले प्रेजेंटेशन में खूब बातें कीं। वह सिर्फ स्टाइल के लिए हैं और इसके अलावा कुछ नहीं करते। वह जडेजा को एक भी ओवर नहीं देते और फिर यह सफाई देते हैं कि सामने वाला बल्लेबाज लेफ्ट-हैंडर था। क्या ऐसा कोई नियम है कि कोई लेफ्ट-आर्म स्पिनर किसी लेफ्ट-हैंडर को गेंदबाजी नहीं कर सकता? यह तो बिल्कुल बेतुकी बात है।'
RR की गेंदबाजी की भी आलोचना की और बताया कि कैसे तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई की मिली-जुली गेंदबाजी में बहुत ज़्यादा रन लुटे और इसी वजह से मैच उनके हाथ से निकल गया। श्रीकांत ने कहा, 'तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई के बीच के 11 ओवरों में 142 रन बने। यहीं पर मैच खत्म हो गया था। संदीप शर्मा ने जहां भी गेंदबाजी की, बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की और देशपांडे तो पूरी तरह से नाकाम रहे। अब RR को भी अपनी गेंदबाज़ी के कॉम्बिनेशन के बारे में सोचना शुरू कर देना चाहिए। अगर वे इसी तरह गेंदबाज़ी करते रहे, तो उन्हें बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ेगा।'

