एनआरएआई ने खेल रत्न के लिए भेजा हीना और अंकुर का नाम

punjabkesari.in Tuesday, Apr 30, 2019 - 12:58 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए निशानेबाजों हीना सिद्धू और अंकुर मित्तल का नाम भेजा है। हीना ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। वह 2013 में आईएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय पिस्टल निशानेबाज बनी थीं। उन्हें 2014 में अर्जुन पुरस्कार दिया गया था।

अंकुर ने 2018 में दक्षिण कोरिया में आईएसएसएफ विश्व शूटिंग चैम्पियनशिप में डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। अंकुर ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था। अंकुर को पिछले साल अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अर्जुन पुरस्कार के लिए अंजुम मुद्गिल, शहजार रिज़वी और ओम प्रकाश मिथरवाल का नाम भेजा गया है जबकि द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए जसपाल राणा और रौनक पंडित का नाम भेजा गया है।
इससे पहले निशानेबाजों में अभिनव बिंद्रा, अंजलि भागवत, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मानवजीत सिंह संधू , विजय कुमार, गगन नारंग, रोंजन सोढी और जीतू राय को खेल रत्न सम्मान मिल चुका है।

Jasmeet