Asian Games: एथलीट हिमा दास आैर अनस ने जीते 'सिल्वर' मेडल

punjabkesari.in Sunday, Aug 26, 2018 - 06:24 PM (IST)

जकार्ताः भारतीय एथलेटिक्स की नई स्टार हिमा दास और मोहम्मद अनस ने 18वें एशियाई खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत की पदक संख्या को आगे बढ़ाते हुए 400 मीटर दौड़ में रविवार को रजत पदक जीत लिए। विश्व जूनियर चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली 18 साल की हिमा ने शानदार प्रदर्शन किया और 50.79 सेकेंड का समय लेकर रजत जीता। बहरीन की सल्वा नासीर ने 50.09 सेकेंड का नया एशियाई खेल रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण जीता। कजाखिस्तान की एलिना मिखिना ने 52.53 सेकेंड में कांस्य पदक जीता।   

हिमा की कामयाबी के बाद अनस ने भी शानदार प्रदर्शन किया और पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत लिया। केरल के 23 वर्षीय अनस का एशियाई खेलों में यह पहला पदक है। उन्होंने गत वर्ष भुवनेश्वर में एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था जबकि इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में वह चौथे स्थान पर रहे थे। अनस ने 45.69 सेकेंड का समय लेकर रजत जीता। कतर के अब्दालेह हसन ने 44.89 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण और बहरीन के अली खामिस ने 45.70 सेकेंड का समय लेकर कांस्य जीता।

आईएएएफ में गोल्ड जीतने वाली पहली महिला हैं हिमा
हिमा इस साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 400 मीटर दौड़ में छठे स्थान पर रही थीं लेकिन फिनलैंड में हुयी जूनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। असम के नागांव की हिमा ने इस तरह भारत को इन खेलों में एथलेटिक्स का दूसरा और अनस ने तीसरा पदक दिला दिया। तजिंदरपाल सिंह तूर ने कल पुरुष गोला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।  400 मीटर स्पर्धा में भारत की निर्मला मामूली अंतर से कांस्य पदक जीतने से चूक गयीं और उन्हें चौथा स्थान मिला। निर्मला ने 52.96 सेकेंड का समय लिया और वह कांस्य पदक विजेता मिखिना के 52.63 सेकेंड के समय से जरा पीछे रह गयी। पुरुष 400 मीटर स्पर्धा में राजीव अरोकिया 45.84 सेकेंड का समय लेकर चौथे स्थान पर रहे।

Rahul