फैक्ट चेक: हिमा दास ने राष्ट्रमंडल खेलों में जीता गोल्ड? जानें वायरल वीडियो की सच्चाई

punjabkesari.in Sunday, Jul 31, 2022 - 01:53 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारोत्तोलक संकेत महादेव सरगर ने शनिवार को 55 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की पदक तालिका की शुरुआत की। इस बीच कई यूजर्स संकेत की जगह स्प्रिंटर हिमा दास को बधाई देने लगे। उनका दावा था कि हिमा ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। इसके साथ एक वीडियो भी शेयर किया जा रहा है। 

दो मिनट 20 सेकेंड की इस क्लिप को फेसबुक और ट्विटर पर शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो 2018 विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का है। वहीं हिमा दास का राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में शामिल होना अभी बाकी है। वीडियो में कमेंटेटर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि भारतीय ध्वज गर्व से और ऐतिहासिक रूप से यहां फिनलैंड में फहराएगा। वहीं  राष्ट्रमंडल खेल इस साल इंग्लैंड के बर्मिंघम में चल रहे हैं, जिससे यह साबित होता है कि हिमा का यह वीडियो पुराना है। 

इसका पूरा वीडियो वर्ल्ड एथलेटिक्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है जिससे पुष्टि होती है कि हिमा ने 2018 में 400 मीटर में गोल्ड जीता था। हिमा 6 अगस्त को एक्शन में आएगी, जब वह दुती चंद, सरबनी नंदा और एनएस सिमी के साथ महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में हिस्सा लेंगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News