स्टार धाविका हिमा दास का जलवा बरकरार, 15 दिन के अंदर जीता चौथा गोल्ड मेडल

punjabkesari.in Thursday, Jul 18, 2019 - 10:02 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क (नीलकंठ): फररटा धाविका भारत की हिमा दास ने अपने स्वर्णिम अभियान को बरकरार रखते हुए चेक गणराज्य में हुई टाबोर एथलेटिक्स मीट की 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीत लिया है जो उनका पिछले 15 दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में चौथा स्वर्ण पदक भी है। हिमा ने महिलाओं की 200 मीटर रेस मे 23.25 सेकंड का समय निकाला। भारतीय धाविका को अधिकतर चेक खिलाड़यिों से ही चुनौती मिली। हालांकि वह अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23.10 सेकंड से थोड़ी दूर रह गई। 

 
19 साल की हिमा का यह पिछले 15 दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में चौथा स्वर्ण पदक है। उन्होंने इस वर्ष पोलैंड में दो जुलाई को हुई पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में 200 मीटर रेस में 23.65 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद सात जुलाई को उन्होंने पोलैंड में ही कुटनो एथलेटिक्स मीट में 23.97 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता।

हिमा ने इसके बाद 200 मीटर में अपना तीसरा स्वर्ण चेक गणराज्य की क्लाड्नो एथलेटिक्स मीटर में जीता जहां उन्होंने 23.43 सेकंड का समय निकाला। भारतीय धाविका से उम्मीद रहेगी कि वह आगे भी इस प्रदर्शन को बरकरार रखें क्योंकि उन्होंने अब तक विश्व चैंपियनशिप की 200 और 400 मीटर रेस के लिये क्वालीफाई नहीं किया है।     

हिमा ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकरी दी है। 

neel