हॉकी गोलकीपर श्रीजेश ने Indigo Airlines को लिए आड़े हाथों, लिखा- लूट

punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2022 - 04:40 PM (IST)

खेल डैस्क : भारतीय हॉकी के स्टार गोलकीपर पी.आर श्रीजेश ने इंडिगो एयरलाइन्स को ट्वीट कर लताड़ा है। पूरा मामला एक हॉकी स्टिक की लंबाई को लेकर है। उन्हें इस हॉकी स्टिक को इंडिगो के जहाज में ले जाने के लिए 1500 रुपए ज्यादा देने पड़े और इसी को लेकर श्रीजेश इंडिगो कंपनी पर बरसे पड़े।


श्रीजेश ने ट्वीट में लिखा- एफआईएच (अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ) ने मुझे 41 इंच की हॉकी स्टिक से खेलने की इजाजत दी लेकिन इंडिगो ने मुझे कभी भी 38 इंच से ज्यादा कुछ भी ले जाने की इजाजत नहीं दी। अब गोलकीपर बैगेज को संभालने के लिए अतिरिक्त 1500 रुपए का भुगतान करें। ट्वीट के अंत में उन्होंने हैशटैग लूट का भी इस्तेमाल किया।

 

इंडिगो एयरलाइन्स के इस व्यवहार पर हॉकी फैंस भी निराश दिखे। उन्होंने श्रीजेश की पोस्ट पर एयरलाइन्स को लताड़ लगाते लिखा- खेल के बारे में व्यावहारिक या बुनियादी विचारों के बिना दयनीय कठोर नियम। अंकित दासमाना ने लिखा- यह दयनीय है। विशेष पेशों वाले लोगों के लिए विशेष मामला होना चाहिए। रुद्रा आशीष ने लिखा- तो इंडिगो, आपका हवाई जहाज एक अतिरिक्त तीन इंच के कारण खतरनाक रूप से ओवरलोड हो जाता है?
 

बता दें कि श्रीजेश 2020 टोक्यो ओलंपिक में हॉकी में कांस्य पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं। 1980 के बाद ओलंपिक में यह देश का पहला हॉकी पदक था और गोलकीपर ने टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी ।

Content Writer

Jasmeet