हॉकी विश्व कप 2023 : भारत के टॉप 5 खिलाड़ी जिनपर रहेंगी GOLD दिलाने की उम्मीदें

punjabkesari.in Wednesday, Jan 11, 2023 - 10:47 PM (IST)

खेल डैस्क : भुवनेश्वर का कलिंगा स्टेडियम और राऊरकेला का बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पूरे हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा। अर्जेंटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच 13 जनवरी को टूर्नामैंट का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। क्वार्टर फाइनल मुकाबले 24 और 25 जनवरी को खेले जाएंगे, इसके अलावा सैमीफाइनल मुकाबले 27 जनवरी को खेले जाएंगे। हॉकी विश्व कप का फाइनल मुकाबला 29 जनवरी को भुवनेश्वर में खेला जाएगा। आइए जानते हैं देश के टॉप 5 खिलाडिय़ों के बारे में जिनपर विश्वकप दिलाने की जिम्मेदारी होगी।

हरमनप्रीत सिंह

टीम इंडिया के पैनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ हरमनप्रीत सिंह 2018 संस्करण में भारत की हॉकी विश्व कप टीम का हिस्सा थे। सुपरस्टार ने टोक्यो 2020, जूनियर विश्व कप और एशिया कप में ओलिम्पिक कांस्य पदक जैसे खिताब जीते हैं। टोक्यो ओलिम्पिक में हरमनप्रीत भारत के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले प्लेयर बने थे। 

आकाशदीप सिंह


28 वर्षीय आकाशदीप सिंह ने भारत की पुरुष हॉकी टीम के लिए 200 से अधिक हॉकी मैच खेले हैं, जिसमें देश के लिए किए 85 गोल भी शामिल हैं। भारतीय गोल मशीन ने 2012 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था और वह इस साल अपना तीसरा विश्व कप खेलेंगे। आक्रामक मिडफील्डर शानदार फॉर्म में है, उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई टैस्ट सीरीज में हैट्रिक भी बनाई थी।

मनप्रीत सिंह


भारतीय खिलाडिय़ों में सीनियर मनप्रीत सिंह ने टोक्यो ओलिम्पिक 2020 में टीम की कप्तानी कर ऐतिहासिक कांस्य पदक जितवाया था। मनप्रीत को हाल ही में भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार मिला। खेल में उनका विशाल अनुभव निश्चित रूप से भारत को अधिक स्कोरिंग अवसर प्राप्त करने में मदद करेगा।

मनदीप सिंह


भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार फॉरवर्ड मंदीप सिंह ने 2022 सीजन में 13 गोल किए थे। वह भारतीय टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। वह भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टैस्ट सीरीज के 5 मैचों में गोल करने में विफल रहे, लेकिन उनके खेल की खूब प्रशंसा हुई। मनदीप पैनल्टी-कॉर्नर विशेषज्ञ हैं।

पी.आर. श्रीजेश


भारत की पुरुष हॉकी टीम के दिग्गज गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश के 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है। टोक्यो ओलिम्पिक में भारत में पदक दिलाने में श्रीजेश की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। वह मैन्स प्रो लीग के भी सितारे हैं। उनपर भी नजरें रहेंगी। 

Content Writer

Jasmeet