SL vs WI: 19वें ओवर में होल्डर के 3 छक्कों ने पलटा मैच, वेस्टइंडीज ने श्रीलंका से छीनी सीरीज

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 12:12 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: शामर जोसेफ की घातक गेंदबाजी और जेसन होल्डर की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने जमैका के सबीना पार्क में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। जोसेफ ने करियर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय पंजा झटका, जबकि होल्डर ने 19वें ओवर में तीन छक्के जड़कर मैच का रुख बदल दिया।

जोसेफ की आग उगलती गेंदबाजी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। कप्तान कुशल मेंडिस को मैथ्यू फोर्ड ने जल्दी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद पथुम निसांका (26) और कमिल मिशारा ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन शामर जोसेफ ने लगातार गेंदों पर निसांका और पवन रत्नायके को आउट कर श्रीलंका को झटका दिया।

मध्यक्रम में कमिंदु मेंडिस (20) और मिशारा भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिरी ओवरों में दुनिथ वेल्लालागे और वानिंदु हसरंगा ने तेजी से रन बनाए, लेकिन जोसेफ ने अंतिम ओवर में वेल्लालागे, दुष्मंथा चमीरा और महीश तीक्षणा के विकेट लेकर श्रीलंका को 169 रन पर रोक दिया। जोसेफ ने 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया।

वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत

170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शाई होप गोल्डन डक का शिकार बने। ब्रैंडन किंग (16) और अकीम ऑगस्टे भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। शिमरॉन हेटमायर ने 32 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वानिंदु हसरंगा और महीश तीक्षणा ने लगातार विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 64/4 के स्कोर पर मुश्किल में डाल दिया।

रदरफोर्ड और पॉवेल ने संभाली पारी

इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड और रोवमैन पॉवेल ने पारी को संभाला। रदरफोर्ड ने बीच के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए रन गति बढ़ाई। पॉवेल ने भी 27 गेंदों पर 33 रन बनाए। दोनों ने मिलकर मैच को वेस्टइंडीज की पकड़ में ला दिया।

होल्डर ने 19वें ओवर में पलटा मैच

आखिरी दो ओवरों में वेस्टइंडीज को 29 रन की जरूरत थी। 19वां ओवर लेकर आए दुष्मंथा चमीरा पर जेसन होल्डर टूट पड़े और तीन शानदार छक्के जड़ दिए। इस ओवर में 23 रन आए और मैच पूरी तरह वेस्टइंडीज की झोली में चला गया। इसके बाद रदरफोर्ड ने नाबाद 54 रन (40 गेंद) बनाते हुए टीम को दो गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज बने जोसेफ

शामर जोसेफ को उनके 5 विकेट के शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। उन्होंने पूरी सीरीज में 11 विकेट लिए और श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर पूरी तरह हावी रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News