गृहमंत्री अमित शाह लांच करेंगे खेलो इंडिया युवा खेल 2021

punjabkesari.in Friday, Jun 03, 2022 - 09:57 PM (IST)

चंडीगढ़ : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को पंचकुला में खेलो इंडिया युवा खेल 2021 लांच करेंगे। आधिकारिक बयान में शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गयी। खेलो इंडिया युवा खेल चार से 13 जून तक आयोजित किये जायेंगे।

हरियाणा सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘खेलो इंडियो युवा खेलों 2021 के चौथे चरण में पूरे देश से करीब 8,500 खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ हिस्सा लेंगे। बयान के अनुसार खिलाड़ी 1,866 पदकों के लिये प्रतिस्पर्धा करेंगे जिसमें 545 स्वर्ण, 545 रजत और 776 कांस्य पदक शामिल हैं।

इसके मुताबिक पंचकुला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली पांच स्थलों पर करीब 25 प्रकार के खेल आयोजित किये जायेंगे। पंचकुला में ताऊ देवी लाल खेल परिसर इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य स्थल होगा जिसकी क्षमता करीब 7,000 दर्शकों की है। बयान के अनुसार पहली बार पांच पारंपरिक खेलों गटका, कलीपयट्टू, थांग ता, मलखंब और योगासन को भी इनमें शामिल किया गया है।

Content Writer

Jasmeet