GT vs RCB: IPL फाइनल में कैसा रहा है शुभमन गिल का प्रदर्शन? देखें आंकड़े

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 05:39 PM (IST)

अहमदाबाद: IPL 2026 के फाइनल में रविवार को गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगी। खिताबी मुकाबले से पहले सभी की नजरें गुजरात के कप्तान शुभमन गिल पर टिकी हैं, जिन्होंने इस सीजन में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 में शतक जड़कर प्लेयर ऑफ द मैच बने गिल अब अपने करियर का चौथा IPL फाइनल खेलने उतरेंगे। ऐसे में सवाल है कि अब तक फाइनल मुकाबलों में उनका प्रदर्शन कैसा रहा है?

IPL फाइनल में शुभमन गिल का रिकॉर्ड

शुभमन गिल अब तक तीन IPL फाइनल खेल चुके हैं। उन्होंने 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और 2022 व 2023 में गुजरात टाइटंस की ओर से फाइनल मुकाबले खेले थे। इन तीन फाइनल में गिल ने 135 रन बनाए हैं। उनका औसत 45.00 और स्ट्राइक रेट 127.35 रहा है।

2021 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गिल ने 43 गेंदों पर 51 रन बनाए थे, हालांकि KKR को हार का सामना करना पड़ा था। 2022 के फाइनल में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 45 रन बनाकर गुजरात को पहला खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं 2023 के फाइनल में चेन्नई के खिलाफ उन्होंने 20 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली थी, लेकिन GT ट्रॉफी जीतने से चूक गई थी।

IPL 2026 में शानदार फॉर्म में हैं गिल

IPL 2026 में शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोला है। गुजरात के कप्तान ने 15 मैचों में 722 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 48.13 और स्ट्राइक रेट 163.72 रहा है। उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक भी लगाए हैं।

क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 104 रन की कप्तानी पारी खेलने के बाद गिल पूरे आत्मविश्वास के साथ फाइनल में उतरेंगे। गुजरात टाइटंस को दूसरी बार चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी एक बार फिर उनके कंधों पर होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh