टोक्यो ओलिम्पिक में भारत का ध्वजवाहक होना बहुत बड़ा सम्मान : मनप्रीत सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Jul 07, 2021 - 03:59 PM (IST)

बेंगलुरु : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने 23 जुलाई को टोक्यो ओलिम्पिक खेलों के उद्घाटन समारोह के लिए भारतीय दल का ध्वजवाहक चुने जाने पर उत्साह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ा सम्मान है। उनके पास इस सम्मान के लिए भारतीय ओलिम्पिक संघ (आईओए) का आभार व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।

मनप्रीत ओलिम्पिक खेलों में उद्घाटन समारोह के लिए भारतीय दल के ध्वजवाहक नामित होने वाले छठे हॉकी खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले लाल शाह बुखारी को 1932 ओलिम्पिक, मेजर ध्यानचंद को 1936 ओलिम्पिक, बलबीर सिंह सीनियर को 1952 और 1956 ओलिम्पिक, जफर इकबाल को 1984 ओलिम्पिक और परगट सिंह को 1996 ओलिम्पिक में भारत का ध्वजवाहक होने का सम्मान मिला था। 

भारत के लिए 269 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 29 वर्षीय मनप्रीत ने कहा- यह न केवल उनके लिए, बल्कि भारतीय हॉकी के लिए भी बहुत बड़ा क्षण है। शानदार एथलीट एमसी मैरीकॉम के साथ उद्घाटन समारोह के लिए मुझे ध्वजवाहक नामित किया जाना एक बहुत बड़ा सम्मान है। मैं मुक्केबाजी में उनके सफर से हमेशा प्रेरित रहा हूं और व्यक्तिगत रूप से यह मेरे करियर का एक बड़ा पल है और हॉकी के लिए भी यह एक बहुत बड़ा पल है। मैं इस महान अवसर के लिए भारतीय ओलिम्पिक संघ को धन्यवाद देता हूं और मैं टोक्यो ओलिम्पिक के उद्घाटन समारोह में इस जिम्मेदारी को पूरा करने का इंतजार कर रहा हूं। 

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र निंगोमबम ने मनप्रीत सिंह को उद्घाटन समारोह का ध्वजवाहक चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा- मनप्रीत अब कई वर्षों से भारतीय पुरुष हॉकी टीम का केंद्र रहे हैं और उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कप्तान के रूप में टीम को कुछ महत्वपूर्ण जीत दिलाई हैं, जिसमें टोक्यो ओलिम्पिक खेलों 2020 के लिए टीम को क्वालीफाई कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के अलावा भुवनेश्वर 2017 में एफआईएच विश्व लीग फाइनल में एशिया कप जीत और कांस्य पदक शामिल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News