मुंबई इंडियंस के इस प्लेयर से था सुशांत का गहरा रिश्ता, जानिए कैसे
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2020 - 08:02 PM (IST)

नई दिल्ली : सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर मुंंबई इंडियंस के क्रिकेटर दिग्विजय काफी हैरान है। दिग्विजय वहीं जिन्होंने ‘काई पो चे’ में सुशांत के साथ काम किया था। सुशांत का बड़े पर्दे पर उनका सफर क्रिकेटर के किरदार से शुरु हुआ था। चेतन भगत की किताब ‘थ्री मिस्टेक ऑफ माई लाइफ’ पर आधारित फिल्म ‘काई पो चे’ में सुशांत क्रिकेट खिलाड़ी और कोच का किरदार निभाते है। फिल्म में उनके किरादार का नाम इशान था। अभिषेक कपूर की इस फिल्म में अली का किरदार निभाने वाले दिग्विजय देशमुख को विश्वास नहीं हो रहा कि फिल्म में उनके कोच की भूमिका निभाने वाले सुशांत नहीं रहे।
दिग्विजय ने पुणे से फोन पर रुंधे गले से कहा- मुझे नहीं पता क्या कहूं। दिग्विजय अब पेशेवर क्रिकेटर बन गए है और इस बार मुंबई इंडियन्स टीम का हिस्सा है। उन्होंने कहा- सुशांत भैया सबसे अच्छे इंसानों में से थे। ‘काई पो चे’ में उन्होंने मेरे कोच (ईशान) की भूमिका निभाई। मेरा विश्वास करिए वह एक अच्छे क्रिकेटर थे।
उन्होंने कहा कि सुशांत ने मुझसे पूछा कि बड़े हो कर क्या बनोंगे तो मैंने कहा था क्रिकेटर। दिग्विजय ने कहा- मैंने कहा जब मैं क्रिकेट में कुछ करूंगा तभी आपसे में मिलूंगा। मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल नीलामी में मुझे टीम से जोड़ा है और मैं मुंबई में ही हूं। मैंने सोचा था कि उनसे मिलूंगा लेकिन अब ऐसा संभव नहीं होगा।