''मुझे पता ही नहीं था कि ये सब हुआ है'', इतिहास रचने के बाद बोलीं भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:32 AM (IST)
दुबई (UAE) : भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने महिला एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (10,880) बनाने वाली महिला क्रिकेटर बनी और हमवतन पूर्व क्रिकेटर मिताली राज (10,868) को पीछे छोड़ा। इसी के साथ ही उन्होंने और भी कई रिकॉर्ड तोड़े। लेकिन जब उनसे इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
मंधाना ने हांगकांग की अनुशासित पावरप्ले गेंदबाजी और उनके जोश की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में पिच पर गेंद थोड़ी नीची रह रही थी, लेकिन जमने के बाद बल्लेबाजी आसान हो गई। उन्होंने टीम के लिए योगदान देने पर खुशी जताई और कहा कि यह मौका हांगकांग के लिए भी यादगार रहा। मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए सिर्फ 64 गेंदों में 124 रन बनाए और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने के मदद की।
मंधाना ने कहा, 'मुझे पता ही नहीं था कि ये सब हुआ है। धीमी गति के गेंदबाजों का सामना करना मेरे लिए वाकई मुश्किल होता है, लेकिन उन्हें इसका श्रेय जाता है। पावरप्ले में उन्होंने बहुत अनुशासन दिखाया। उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की और जिस तरह का जोश उन्होंने दिखाया, उससे हम सभी सीख सकते हैं। वैसे भी, मुझे बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है और मैं खुश हूं कि मैं टीम के लिए योगदान दे सकी।'
ये भी पढ़ें : स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, मिताली राज को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं
ये भी पढ़ें : स्मृति मंधाना की रिकॉर्ड शतकीय पारी, भारत महिला एशिया कप के नॉकऑउट में पहुंचा
उन्होंने कहा, 'पावरप्ले में गेंद थोड़ी नीची रह रही थी। मुझे लगता है कि एक बार जब आप जम जाते हैं, तो गेंद की लेंथ को समझना और उसके नीचे आकर शॉट खेलना थोड़ा आसान हो जाता है। उन्हें इसका श्रेय जाता है; मैं उनके बारे में बात करती रहूंगी क्योंकि हम पहली बार उनके खिलाफ खेल रहे हैं और यह उनके लिए भी एक यादगार मौका है।'
मंधाना महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के अलावा सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने 18 शतक पूरे किए और ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग के 17 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वह दो T20I शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला भी बनीं और उन्होंने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ा।

