ICC Awards : सूर्यकुमार यादव लगातार दूसरे साल बने सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेटर

punjabkesari.in Wednesday, Jan 24, 2024 - 05:58 PM (IST)

दुबई : भारत के आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को लगातार दूसरे साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने वर्ष का सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेटर चुना है।आईसीसी ने उन्हें इस प्रारूप में भारत के मध्यक्रम की रीढ़ कहा है। यादव ने 2023 में 50 के करीब औसत और 150 से अधिक की स्ट्राइक रेट से टी20 क्रिकेट में रन बनाए। वह फिलहाल जर्मनी में ग्रोइन की सर्जरी के बाद रिहैबलिटेशन में हैं। वह मार्च में आईपीएल में वापसी कर सकते हैं जिसमें वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे।


आईसीसी ने कहा कि भारतीय मध्यक्रम की रीढ़ इस बल्लेबाज ने कई मैच जिताए हैं। लगातार दूसरी बार उन्हें यह पुरस्कार दिया जा रहा है। यादव ने साल की शुरूआत श्रीलंका के खिलाफ 7 रन बनाकर की लेकिन उसके बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। आईसीसी ने कहा कि वह लगातार 20-40 रन बनाते रहे और वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 गेंद में 83 रन बनाए। उन्होंने फ्लोरिडा में वेस्टइंडीज के खिलाफ 45 गेंद में 61 रन बनाए। साल के आखिर में कप्तानी का बोझ होने पर भी उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की।

 


उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 42 गेंद में 80 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 36 गेंद में 56 रन बनाए। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 में 56 गेंद में 100 रन की पारी खेली। उन्होंने जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंद में 112 रन बनाए। यह टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज शतक था। रोहित शर्मा ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंद में शतक जड़ा था।

 

वहीं, अवॉर्ड जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि मैं दूसरी बार आईसीसी पुरुष टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीतकर रोमांचित हूं। इस प्रारूप में अपने प्रदर्शन के लिए बैक-टू-बैक पुरस्कार जीतना कुछ ऐसा है जिसके बारे में मैं केवल तभी सपना देख सकता था। मैंने दिल और आत्मा से अपने देश के लिए खेलना चाहा और मेरे प्रयासों को इतने प्रतिष्ठित सम्मान से पुरस्कृत होते देखना मेरे लिए बहुत सुखद है। मेरे साथी नामांकितों को भी बधाई। मेरी सफलता के पीछे साथियों और सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद देना चाहूंगा।

Content Writer

Jasmeet