ICC ने धोनी को दी शुभकामनाएं, कहा- पूर्व कप्तान ने एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2020 - 05:48 PM (IST)

दुबई : महेंद्र सिंह धोनी को शुभकामनाओं का दौरा जारी है और अब खेल की वैश्विक संस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कहा है कि इस पूर्व भारतीय कप्तान ने एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया और उनकी बेहद कमी खलेगी। धोनी ने शनिवार शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। 

उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मुझे अब रिटायर्ड समझा जाए।' धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं- 2007 में टी20 विश्व कप, 2011 में एकदिवसीय विश्व कप और 2013 में चैंपियन्स ट्रॉफी। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी ने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी खेल के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक हैं। वानखेड़े स्टेडियम में 2011 आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में उनके विजयी शॉट लगाने की छवि दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में छपी हुई है।' 

साहनी श्रीलंका के नुवान कुलशेखरा की गेंद पर लगाए छक्के के संदर्भ में कह रहे थे जिससे भारत ने घरेलू सरजमीं पर विश्व खिताब जीता। उन्होंने कहा, ‘उसे एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है और उसकी बेहद कमी खलेगी। आईसीसी की ओर से मैं शानदार क्रिकेट करियर के लिए उन्हें बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।' 

धोनी ने 98 टेस्ट में 4876 रन बनाने के अलावा 256 कैच लपके और 38 स्टंपिंग की जबकि 350 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 10773 रन बनाने के अलावा 321 कैप लपके और 123 स्टंपिंग की। वह भारत की ओर से आखिरी बार पिछले साल आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले। इस मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sanjeev

Recommended News

Related News