ICC Test Rankings: इंग्लैंड का स्टार बल्लेबाज फिर से नंबर-1, ट्रेविस हेड को बड़ा नुकसान

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 04:05 PM (IST)

नई दिल्ली : इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक एक बार फिर ICC Men's Test Player Rankings में नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड के बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें रैंकिंग में नुकसान हुआ, जिसका फायदा ब्रूक, जो रूट और स्टीव स्मिथ को मिला।

ब्रूक के लिए यह चौथी बार है जब उन्होंने टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने पहली बार दिसंबर 2024 में नंबर-1 पोजिशन हासिल की थी। वहीं, ट्रेविस हेड बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन टेस्ट में सिर्फ 22 और 17 रन बना सके।

जो रूट और स्टीव स्मिथ ने भी हेड को पीछे छोड़ा

ट्रेविस हेड के खराब प्रदर्शन का सीधा असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा। इंग्लैंड के जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए रैंकिंग में ऊपर जगह बना ली है। स्टीव स्मिथ ने बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में 71 और दूसरी पारी में 44 रन बनाए थे। इस प्रदर्शन के बाद वह रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, ब्रूक ने एक बार फिर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है।

बांग्लादेश के कप्तान शांतो की करियर बेस्ट रैंकिंग

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने भी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने अपनी एकमात्र पारी में 84 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसके दम पर वह 9 स्थान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। शांतो के खाते में अब 659 रेटिंग अंक हैं। यह बांग्लादेश के किसी बल्लेबाज के लिए छठे सबसे ज्यादा रेटिंग अंक हैं। उन्होंने भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और बांग्लादेश के लिटन दास को भी पीछे छोड़ दिया है।

कैमरन ग्रीन समेत कई बल्लेबाजों को फायदा

ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन ने दूसरी पारी में शतक लगाया, जिसका उन्हें रैंकिंग में फायदा मिला। वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के मोमिनुल हक भी पांच स्थान की छलांग लगाकर 31वें नंबर पर पहुंच गए हैं। शादमान इस्लाम तीन स्थान ऊपर चढ़कर 58वें, मेहदी हसन मिराज पांच स्थान ऊपर जाकर 59वें और तंजीद हसन 84 स्थान की बड़ी छलांग के साथ संयुक्त रूप से 88वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

हसन महमूद ने गेंदबाजी रैंकिंग में लगाई बड़ी छलांग

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद को भी शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। प्लेयर ऑफ द मैच प्रदर्शन के बाद उन्होंने टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में 26 स्थान की बड़ी छलांग लगाई है। हसन महमूद ने पहली पारी में 55 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे। इस प्रदर्शन के बाद वह गेंदबाजों की रैंकिंग में 38वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, मेहदी हसन मिराज ने दूसरी पारी में 66 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके बाद वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

ODI Rankings में अफगानिस्तान के सदीकुल्लाह अटल का जलवा

ICC Men's ODI Player Rankings में इस सप्ताह सबसे बड़ी छलांग अफगानिस्तान के बाएं हाथ के बल्लेबाज सदीकुल्लाह अटल ने लगाई है। आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में अटल ने 143 और 98 रन की शानदार पारियां खेलीं। इसके बाद वह 37 स्थान ऊपर चढ़कर 33वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

कर्टिस कैंफर भी टॉप-40 में पहुंचे

आयरलैंड के ऑलराउंडर कर्टिस कैंफर ने भी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने पिछले दो मुकाबलों में 84 और 96 रन बनाए, जिसके बाद वह 23 स्थान ऊपर चढ़कर 36वें नंबर पर पहुंच गए। कनाडा के बल्लेबाज परगत सिंह ने स्कॉटलैंड के खिलाफ ICC Men's Cricket World Cup League 2 मुकाबले में 42 रन बनाए। इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने 10 स्थान की छलांग लगाकर 85वां स्थान हासिल किया। आयरलैंड के एंड्रयू बालबर्नी भी पांच स्थान ऊपर चढ़कर 47वें नंबर पर पहुंच गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News