RCB vs GT: बारिश से धुला क्वालिफायर-1 तो कौन पहुंचेगा फाइनल? जानें IPL नियम और समीकरण

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 09:52 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला Royal Challengers Bengaluru और Gujarat Titans के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं और फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं। हालांकि इस बड़े मुकाबले से पहले मौसम ने फैंस और टीमों की चिंता बढ़ा दी है।

क्या कहती है धर्मशाला की मौसम रिपोर्ट?

यह मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। मौसम रिपोर्ट के अनुसार मैच वाले दिन बारिश की संभावना जरूर है और करीब दो घंटे तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इलाके में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

हालांकि अच्छी खबर यह है कि शाम तक मौसम साफ होने की उम्मीद है। तापमान अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में फैंस को पूरे मैच की उम्मीद है।

क्या क्वालिफायर-1 के लिए रिजर्व डे रखा गया है?

IPL 2026 के प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक क्वालिफायर-1 समेत किसी भी प्लेऑफ मुकाबले के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। सिर्फ IPL 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे निर्धारित किया गया है।

दरअसल IPL 2023 का फाइनल लगातार बारिश के कारण रिजर्व डे पर खेला गया था। इसी वजह से इस बार भी आयोजकों ने केवल फाइनल के लिए अतिरिक्त दिन रखा है।

अगर बारिश से मैच रद्द हुआ तो कौन पहुंचेगा फाइनल?

अगर RCB और GT के बीच क्वालिफायर-1 बिना एक भी गेंद फेंके बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो लीग स्टेज की अंक तालिका के आधार पर विजेता तय होगा। ऐसी स्थिति में जो टीम पॉइंट्स टेबल में ऊपर रही होगी, वही सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। अगर दोनों टीमों के अंक बराबर हों, तो फैसला नेट रन रेट (NRR) से होगा।

फिलहाल RCB का नेट रन रेट गुजरात टाइटंस से बेहतर है। ऐसे में अगर मुकाबला पूरी तरह धुल जाता है, तो RCB बिना खेले सीधे फाइनल में जगह बना सकती है।

IPL ने रखा है अतिरिक्त समय का प्रावधान

हालांकि IPL प्रबंधन ने प्लेऑफ मुकाबलों के लिए अतिरिक्त समय रखा है ताकि किसी भी हाल में कम से कम 5 ओवर प्रति पारी का मैच कराया जा सके। यानी बारिश होने के बावजूद अंपायर मैच पूरा कराने की कोशिश करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News