IND vs ENG: पहले टी20 के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11 का ऐलान, टीम में 2 बड़े बदलाव
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 10:14 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 1 जुलाई को डरहम के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। हैरी ब्रूक की अगुआई वाली टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ उतरी टीम में दो अहम बदलाव किए हैं।
साकिब महमूद और ल्यूक वुड की एंट्री
इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज साकिब महमूद और ल्यूक वुड को अंतिम एकादश में शामिल किया है। महमूद को जेमी ओवरटन की जगह मौका मिला है, जबकि ल्यूक वुड की एंट्री जोफ्रा आर्चर की जगह हुई है। आर्चर और जोश टंग को न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज के बाद आराम दिया गया है।
हैरी ब्रूक पर होगी बड़ी जिम्मेदारी
बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद हैरी ब्रूक इंग्लैंड की सीमित ओवर टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। ब्रूक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। अब भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में उनकी कप्तानी और रणनीति की बड़ी परीक्षा होगी। स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद ब्रूक को इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी का भी प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर सस्पेंस बरकरार
दूसरी ओर भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच से पहले साफ कर दिया कि टीम संयोजन का खुलासा पहले नहीं किया जा सकता।
श्रेयस अय्यर ने कहा, 'अभी कुछ भी कहना सही नहीं होगा। टीम कॉम्बिनेशन हमारी आंतरिक चर्चा का हिस्सा है और हम विपक्षी टीम को अपनी रणनीति नहीं बताना चाहते। वैभव शानदार प्रतिभा हैं और जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वह खुद को साबित करेंगे।'
श्रेयस अय्यर के सामने भी बड़ी चुनौती
श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज भी बेहद अहम रहने वाली है। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बाद उन पर इंग्लैंड में टीम को जीत दिलाने का दबाव रहेगा। कप्तानी के साथ-साथ उनसे मध्यक्रम में बड़ी बल्लेबाजी की भी उम्मीद होगी।
पहले टी20 के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11
फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद,आदिल रशीद, ल्यूक वुड।

