IND vs ENG : भारत ने रचा इतिहास, टी20 विश्व कप में बनाया सबसे बड़ा स्कोर
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 09:15 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टी20 विश्व कप के इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में से एक है। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में रखा। अब इंग्लैंड के सामने फाइनल में पहुंचने के लिए 254 रन का कठिन लक्ष्य है।
भारत की धमाकेदार बल्लेबाजी, बना ऐतिहासिक स्कोर
सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए रन बरसाए। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप इतिहास के बड़े स्कोरों में शामिल हो गया। भारतीय बल्लेबाजी में आक्रामकता और निरंतरता दोनों देखने को मिली, जिसके चलते इंग्लैंड के गेंदबाज पूरे मैच में संघर्ष करते नजर आए।
टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे बड़े स्कोर
260/6 – श्रीलंका बनाम केन्या, जोहान्सबर्ग (2007)
256/4 – भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई (2026)
254/6 – वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, मुंबई (वानखेड़े), 2026
253/7 – भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई (वानखेड़े), 2026
235/5 – आयरलैंड बनाम ओमान, कोलंबो (2026)
संजू सैमसन की तूफानी पारी
भारतीय पारी के स्टार रहे संजू सैमसन, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। सैमसन शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वह 13.1 ओवर में Will Jacks की गेंद पर Phil Salt के हाथों कैच आउट हुए।
ईशान किशन के साथ अहम साझेदारी
संजू सैमसन और ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की शानदार साझेदारी की। ईशान ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनकी यह तेज पारी 9.3 ओवर में खत्म हुई जब आदिल राशिद की गेंद पर वह विल जैक्स को कैच दे बैठे।
मिडिल ऑर्डर का योगदान
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बड़ी पारी नहीं खेल सके और 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल रहे। हालांकि वह 17.3 ओवर में हैरी ब्रुक की शानदार डायरेक्ट हिट पर रन आउट हो गए। तिलक वर्मा ने भी तेजी से 7 गेंदों में 21 रन बनाए, लेकिन 18.5 ओवर में जोफ्रा आर्चर की यॉर्कर पर बोल्ड हो गए। हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन 19.5 ओवर में दूसरा रन लेते समय रन आउट हो गए।

