IND vs PAK: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के बीच होगी टक्कर
punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 02:22 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: पिछले सप्ताह भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता में काफी तनाव देखने को मिला। अब पड़ोसी देशों के बीच खेल प्रतिद्वंद्विता टोक्यो में होगी। टोक्यो में विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम से मुकाबला करेंगे।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Athletics Championship) में सभी की नजरें नीरज चोपड़ा पर होंगी। वह अपना खिताब बचाने के लिए मैदान में उतरेंगे। नीरज का सामना हमवतन सचिन यादव (Sachin Yadav) और चिर प्रतिद्वंद्वी ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम (Arshad Nadeem) जैसे मजबूत प्रतियोगियों से होगा। नीरज चोपड़ा के लिए इस मैदान से अच्छी यादें जुड़ी हैं। नीरज चोपड़ा ने टोक्यो में ही 2021 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था, जो भारत का दूसरा व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक और एथलेटिक्स में पहला पदक था।
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम ने बुधवार को क्वालिफिकेशन दौर में अलग अलग अंदाज में फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। चोपड़ा ने ग्रुप ए में पहले ही थ्रो में 84.50 मीटर का क्वालिफिकेशन मार्क पार किया जबकि नदीम ने ग्रुप बी में तीसरे और आखिरी प्रयास में 85.28 मीटर थ्रो फ्रेंका।
पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार नीरज का नदीम से सामना
पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद चोपड़ा का सामना पहली बार नदीम से होगा। नदीम ने पेरिस ओलंपिक में 92.97 का थ्रो फेंककर स्वर्ण जीता था जबकि तोक्यो ओलंपिक चैम्पियन चोपड़ा 89.45 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। बुडापेस्ट में पिछली विश्व चैम्पियनशिप में नीरज ने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण जीता था जबकि नदीम दूसरे और वालेश तीसरे स्थान पर रहे थे।
सचिन यादव भी फाइनल में पहुंचे
भारत के सचिन यादव ने भी फाइनल में जगह बना ली है जिन्होंने 83.67 मीटर का थ्रो फेंककर ग्रुप ए में छठा और कुल दसवां स्थान हासिल किया। भारत के रोहित यादव और यशवीर सिंह ग्रुप ए और ग्रुप बी को मिलाकर 37 प्रतियोगियों में क्रमश: 28वें और 30वें स्थान पर रहकर बाहर हो गए। चोपड़ा ग्रुप ए में सबसे पहले थ्रो फेंकने के लिये उतरे थे और फाइनल में जगह बनाने के साथ ही रवाना भी हो गए। स्वत: क्वालिफिकेशन का 84.50 मीटर का आंकड़ा छूने वाले या सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ियों ने गुरुवार को होने वाले फाइनल में जगह बनाई। जर्मनी के जूलियर वेबर ने भी 87.21 मीटर के थ्रो के साथ क्वालिफाई कर लिया।