IND vs PAK: किसके कहने पर पाकिस्तान ने बहिष्कार के फैसले से लिया यू-टर्न? मोहसिन नकवी ने किया खुलासा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 01:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा खुलासा हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष Mohsin Naqvi ने उस शख्स का नाम बताया, जिसकी वजह से भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला पलट गया। नक़वी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति Anura Kumara Dissanayake को इस पूरे घटनाक्रम का “असल हीरो” बताया।

बहिष्कार से यू-टर्न तक की कहानी

टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला लिया था। PCB ने भी इस रुख का समर्थन किया था, खासकर तब जब बांग्लादेश को भारत में खेलने से इनकार करने के कारण टूर्नामेंट से बाहर किया गया।

लेकिन हालात तब बदले जब श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif से सीधे बातचीत की। नक़वी के मुताबिक, उसी बातचीत के बाद प्रधानमंत्री ने उन्हें फोन कर कहा— “अब कोई मुद्दा नहीं है, हमें मैच खेलना है।”

नक़वी का बड़ा बयान

मोहत्सिन नक़वी ने सार्वजनिक रूप से कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले की वजह से “2 अरब लोग एंटरटेन हुए” और इसका श्रेय श्रीलंका के राष्ट्रपति को जाता है। उन्होंने धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर वह हस्तक्षेप नहीं करते तो यह मैच संभव नहीं हो पाता।

मैदान पर हार, स्टेडियम से बाहर PCB चीफ

हालांकि मैच हुआ, लेकिन नतीजा पाकिस्तान के पक्ष में नहीं गया। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई और 61 रन से हार गई।

हार के दौरान PCB प्रमुख नक़वी स्टेडियम छोड़कर चले गए और अंत तक मैच नहीं देखा। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रन के लिहाज से पाकिस्तान की दूसरी सबसे बड़ी हार रही।

NRR पर पड़ा बड़ा असर

इस हार के बाद पाकिस्तान की नेट रन रेट (NRR) गिर गई और वह ग्रुप ए में तीसरे स्थान पर खिसक गया। अब सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को नामीबिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। हार की स्थिति में टीम टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News