U19 World Cup : भारत ने पाकिस्तान को चारों खाने किया चित, 58 रनों से जीता मुकाबला
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 09:12 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपने मजबूत इरादों का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुलवायो में खेले गए सुपर सिक्स मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 58 रन से शिकस्त दी और उसके विश्व कप सफर पर विराम लगा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 252 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए वेदांत त्रिवेदी ने संयमित अंदाज़ में 68 रन की पारी खेली, जबकि निचले क्रम में कनिष्क चौहान और खिलन पटेल की अहम साझेदारी ने स्कोर को 250 के पार पहुंचाया। वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत देते हुए 22 गेंदों पर 30 रन बनाए, हालांकि कप्तान आयुष म्हात्रे इस मैच में खाता नहीं खोल सके।
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 253 रन का लक्ष्य 33.3 ओवर में हासिल करना जरूरी था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के दबाव में टीम कभी भी मुकाबले में लौटती नहीं दिखी। पूरी पाकिस्तानी टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने सर्वाधिक 66 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में कप्तान आयुष म्हात्रे और खिलन पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके और पाकिस्तान की रनचेज को पूरी तरह पटरी से उतार दिया।
ऑलराउंड प्रदर्शन से चमके कनिष्क चौहान
मैच में कनिष्क चौहान भारत की जीत के सबसे बड़े सूत्रधार रहे। उन्होंने बल्लेबाजी में 29 गेंदों पर 35 रन की तेज पारी खेली और गेंदबाजी में 10 ओवर में एक मेडन सहित 30 रन देकर अहम विकेट हासिल किया। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ भारत ने बेहतर रनरेट के आधार पर अंतिम चार में जगह बनाई और अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया।
प्लेइंग 11
भारत अंडर-19 : एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन
पाकिस्तान अंडर-19 : हमजा जहूर (विकेटकीपर), समीर मिन्हास, उस्मान खान, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसन, अली हसन बलूच, अब्दुल सुभान, मोमिन कमर, मोहम्मद सय्याम, अली रजा

