CWC 23 : श्रीलंका 55 रन पर ढेर, Team india ने दूसरी बार वनडे में श्रीलंका को 300+ रन से हराया

punjabkesari.in Thursday, Nov 02, 2023 - 08:39 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : वानखेड़े स्टेडियम में क्रिकेट विश्व कप के अहम मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई टीम नतमस्तक होती नजर आई। भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की बदौलत 357 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंकाई टीम 55 रन ही बना सकी। भारत को 302 रनों से जीत मिली। भारत ऐसे पहली टीम बन गई है जिन्होंने वनडे में 2 बार 300 से ज्यादा रन से जीत हासिल की हैं। इससे पहले भारतीय टीम ने जनवरी 2023 में तिरुवनंतपुरम के मैदान पर ही श्रीलंका के खिलाफ 317 रन से जीत हासिल की थी। 


इससे पहले सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और विराट कोहली के अर्धशतक के बाद श्रेयस अय्यर की ताबडतोड़ बल्लेबाजी से भारत ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मुकाबले में गुरुवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ आठ विकेट पर 357 रन बनाए। गिल (92 रन, 92 गेंद, 11 चौके, दो छक्के) और कोहली (88 रन, 94 गेंद, 11 चौके) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी भी की। श्रेयस अय्यर ने 56 गेंद में छह छक्कों और तीन चौकों से 82 रन बनाए। उन्होंने रविंद्र जडेजा (24 गेंद में 35 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 36 गेंद में 57 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 80 रन देकर करियर में पहली बार 5 विकेट चटकाए।

 

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने मैच की दूसरी ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा (04) का विकेट गंवा दिया। रोहित ने मदुशंका की पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। श्रीलंका के गेंदबाजों को इसके बाद अगली सफलता के लिए 29 ओवर से अधिक का इंतजार करना पड़ा। कोहली और गिल ने सतर्क शुरुआत के बाद मैदान के चारों तरफ रन जुटाए। कोहली ने मदुशंका पर चौके से खाता खोला जबकि गिल ने भी इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके मारे। कोहली 10 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब छठे ओवर में दुष्मंता चमीरा (71 रन पर एक विकेट) ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। भारतीय बल्लेबाज ने इसी ओवर में दो चौके मारे।

 

भारत ने पहले पावर प्ले के 10 ओवर में एक विकेट पर 60 रन बनाए। कोहली ने दुशान हेमंता की गेंद पर दो रन के साथ 50 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि गिल ने भी इस लेग स्पिनर पर चौके के साथ 55 गेंद में 50 रन के आंकड़े को पार किया। गिल ने चमीरा पर पारी का पहला छक्का जड़ने के बाद हेमंता की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। गिल मदुशंका पर चौके के साथ 90 रन तक पहुंचे लेकिन इसी ओवर में थर्ड मैन पर शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर कुसाल मेंडिस को कैच दे बैठे।

 

मदुशंका ने अपने अगले ओवर में धीमी गेंद पर कोहली को भी शॉर्ट कवर पर पाथुम निसांका के हाथों कैच कराके भारत को दोहरा झटका दिया। कोहली हालांकि अपनी इस पारी के दौरान एक कैलेंडर वर्ष में रिकॉर्ड 8वीं बार एक हजार रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा जिन्होंने 7 बार यह कारनामा किया था। अय्यर शुरुआत से ही काफी अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कासुन रजिता पर दो जबकि हेमंता पर एक छक्का जड़कर अपने तेवर दिखाए। रजिता पर उनका दूसरा छक्का 106 मीटर के साथ मौजूदा विश्व कप का सबसे लंबा छक्का रहा।


लोकेश राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर चमीरा की गेंद पर हेमंता को कैच दे बैठे जबकि मदुशंका ने सूर्यकुमार यादव (12) को विकेटकीपर मेंडिस के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया। अय्यर ने महीश तीक्षणा पर चौके के साथ सिर्फ 36 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत के 300 रन 45वें ओवर में पूरे हुए। अय्यर ने 48वें ओवर में मदुशंका पर लगातार दो छक्के मारे लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर तीक्षणा को कैच दे बैठे। जडेजा ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले चमीरा पर छक्का जड़ा। 
 

 

 

ये भी पढ़ें : 

CWC 23 : कोहली ने तेंदुलकर का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा, सबसे ज्यादा बार बनाए 1000 रन 

सचिन तेंदुलकर या स्टीव स्मिथ? मास्टर ब्लास्टर की प्रतिमा को लेकर क्रिकेट फैंस ने किए मजेदार कमेंट 

‘दिग्गज फैन' को श्रीलंका क्रिकेट टीम ने इस तरह दी श्रद्धांजलि, हाल ही में हुआ था निधन 

 

 

 

श्रीलंका की शुरूआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर पाथुम निसांका भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गेंद पर पगबाधा आऊट हो गए। अगले ओवर की पहली गेंद पर ही मोहम्म्द सिराज ने भी दिमुथ करुणारत्ने के पगबाधा आऊट कर पवेलियन की राह दिखा दी। दोनों श्रीलंकाई ओपनर गोल्डन डक आऊट हुए। इसी ओवर में सिराज ने सदीरा समरविक्रमा को भी चलता किया जोकि खाता भी नहीं खोल पाए थे। 

 

 

एक क्षण ऐसा लगा कि श्रीलंकाई कप्तान कुसाल मेंडिस यहां बड़ी पारी खेल सकते हैं लेकिन शमी ने उन्हें श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आऊट करा श्रीलंका की सारी उम्मीदें तोड़ दीं। कुसाल 10 गेंदों पर 1 ही रन बना पाए थे। 3 रन पर 4 विकेट गिर जाने के बाद श्रीलंका टीम डिफेंसिव मोड पर चली गई। चरित असलांका ने रक्षात्मक प्रणाली अपना ली लेकिन यह उनके लिए घातक साबित हुई।

 

 

नौवें ओवर में मोहम्मद शमी गेंद करने आए। उन्होंने ओवर की तीसरी ही गेंद पर असलांका को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच आऊट करवा दिया। असलांका 24 गेंदों पर 1 एकही न बना पाए। शमी यही नहीं रुके। उन्होंने अगली ही गेंद पर दुषान को राहुल के हाथों कैच आऊट करवा भारत को छठी सफलता दिलवा दी। वहीं, दूसरे छोर पर खड़े एंजैलो मैथ्यूज ने श्रीलंका के लिए पहला चौका लगाया। चमीरा भी बिना खाता खोले शमी की गेंद पर राहुल को कैच दे बैठे। 

 

 

मैथ्यूज ने थोड़ा जमने की कोशिश की लेकिन वह 25 गेंदों पर 12 रन बनाकर आऊट हो गए। उन्हें शमी ने बोल्ड किया। शमी ने इस विकेट के साथ ही विश्व कप में 44 विकेट पूरे कर लिए। विश्व कप में ज्वागल श्रीनाथ और जहीर खान भी भारत के लिए 44-44 विकेट ले चुके हैं। मैथ्यूज जब आऊट हुए तो श्रीलंका का स्कोर 29 रन था। इसके बाद कुसान रजिथा ने 17 गेंदों पर 14 रन बनाए और शमी का शिकार हो गए। शमी यह विकेट लेते ही क्रिकेट विश्व कप इतिहास में भारत की लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए। आखिर में रविंद्र जडेजा ने गेंद थामी और पहले ही ओवर में मधुशंका की विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम को 55 रन पर रोक दिया और टीम इंडिया को 302 रन से जीत दिला दी।

 

भारत के लिए गेंदबाजी करते हुए जसप्रीत बुमराह ने 5 ओवर में एक मेडन फेंकते हुए 8 रन देते हुए एक विकेट लिया। वहीं, मोहम्मद सिराज ने 7 ओवरमें 2 मेडल के साथ 16 रन देते हुए 3 विकेट लीं। मोहम्मद शमी ने 5 ओवर में 1 मेडन के साथ 18 रन देते हुए 5 विकेट लीं। जबकि जडेजा ने 4 गेंदों पर 4 रन देते हुए एक विकेट लिया। कुलदीप यादव ने दो ओवर की जिसमें उन्होंने 3 रन दिए लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिली।


 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुबमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रित बुमरा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज 

श्रीलंका : पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), सदीरा समरविक्रमा, चैरिथ असलांका, एंजेलो मैथ्यूज, दुशान हेमंथा, महीश थीक्षाना, कासुन राजिथा, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका 

Content Writer

Sanjeev