IND vs USA : ड्रेसिंग रूम में कोच गंभीर ने इस बल्लेबाज की जमकर तारीफ की
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 04:41 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को जीत से आगाज़ दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की पारी को लेकर टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खुलकर तारीफ की है। USA के खिलाफ दबाव भरे मुकाबले में सूर्या की यह पारी भारत के लिए मैच जिताऊ साबित हुई।
गंभीर ने बीसीसीआई डॉट टीवी से बातचीत में कहा, 'सूर्या, यह एक मास्टरक्लास था। दबाव में खेली गई यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बेहतरीन पारियों में से एक है।'
77/6 के संकट से भारत की शानदार वापसी
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे कठिन समय में कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान अक्षर पटेल ने सातवें विकेट के लिए अहम 41 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। सूर्या ने अंत के ओवरों में अपने 360 डिग्री शॉट्स और आक्रामक बल्लेबाजी से भारत को 161/9 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जीत के बाद भी आत्ममंथन जरूरी: सूर्या
मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि जीत के बावजूद टीम को अपनी कमियों पर काम करना होगा।
उन्होंने कहा, 'पिच मुश्किल थी, लेकिन हम सब कुछ नजरअंदाज नहीं कर सकते। हमें समझना होगा कि हम कहां बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे। हर मैच कुछ सिखाता है।'
गेंदबाजों ने USA को किया बेबस
भारत के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज: 3 विकेट (29 रन), अर्शदीप सिंह: 2 विकेट,अक्षर पटेल: 2 विकेट; इनके दम पर USA की टीम 132/8 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 29 रन से जीत लिया।
वानखेड़े में कप्तानी करना खास अनुभव
अपने घरेलू मैदान पर कप्तानी को लेकर सूर्या ने कहा, 'वानखेड़े में खेलना हमेशा खास होता है। कप्तान के रूप में यहां उतरना और दर्शकों का समर्थन मिलना वाकई शानदार अनुभव था।'

