स्वतंत्रता दिवस 2025 : पिछले एक साल में भारत की सबसे बड़ी खेल उपलब्धियां
punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 11:10 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : देश भर में आज 79वां स्वतंत्रता दिवन का जश्न मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले पर तिरंगा फहराया, और देशवासियों ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। जहां भारत विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है वहीं पिछले एक साल में खेल में भारत ने कई उपलब्धियां हासिल की है। आइए इस मौके पर पिछले एक साल में भारत की सबसे बड़ी खेल उपलब्धियों पर नजर डाल लेते हैं-
महिला फुटबॉल टीम ने AFC एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया
भारत की महिला फुटबॉल टीम ने 5 जुलाई 2025 को चियांग माई में थाईलैंड पर 2-1 से जीत के साथ 2026 एएफसी महिला एशियाई कप के लिए योग्यता के आधार पर क्वालीफाई किया। यह उपलब्धि भारतीय महिला फुटबॉल के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारतीय महिला टीम ने AFC एशियाई कप 20 वर्षों बाद क्वालीफाई किया। विंगर पूजा के 27वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत यंग टाइग्रेसेस ने थुवुन्ना स्टेडियम में मेजबान टीम के सामने जीत हासिल की और सात अंकों के साथ अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया।
भारत ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती
रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने फरवरी में ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती। भारत ने टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को आसानी से हराया और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के अंतिम मैच में भारत का सामना फिर से कीवी टीम से हुआ और इस बार उसने उन्हें 4 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस आयोजन की मेजबानी पाकिस्तान ने की थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से टीम इंडिया ने फाइनल सहित अपने सभी मैच यूएई में खेले। यह तीसरा मौका था जब भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती।
गुकेश विश्व शतरंज चैंपियन बने
डी. गुकेश ने दिसंबर 2024 में सिंगापुर में आयोजित 2024 FIDE विश्व चैंपियनशिप में चीन के डिंग लिरेन को हराकर सबसे कम उम्र के विश्व शतरंज चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने मात्र 18 साल की उम्र में यह कमाल कर दिखाया। गुकेश भारत के दूसरे विश्व शतरंज चैंपियन बने, पहले विश्व चैंपियन महान विश्वनाथन आनंद थे। भारत का शतरंज में दबदबा यहीं खत्म नहीं हुआ, सितंबर 2024 में भारतीय पुरुष और महिला शतरंज टीमों ने हंगरी के बुडापेस्ट में 45वें FIDE शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीते और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय टीम बनकर इतिहास रच दिया। यह दबदबा 2025 तक जारी रहा, जहां हाल ही में दिव्या देशमुख ने FIDE महिला विश्व कप 2025 जीता है।
ऐतिहासिक पैरालंपिक प्रदर्शन
पेरिस में आयोजित 2024 ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक में भारत ने रिकॉर्ड 29 पदक जीते। भारत ने 7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक जीते, जो पैरालंपिक इतिहास में देश की अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि है। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत ने छह पदक जीते जिसमें एक रजत और 5 कांस्य शामिल थे। नीरज चोरपा ने भाला फेंक में रजत पदक जीता, जबकि मनु भाकर एक ही स्पर्धा में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बनीं।