महिला जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा, ज्योति सिंह को मिली कप्तानी
punjabkesari.in Monday, Nov 10, 2025 - 03:54 PM (IST)
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने चिली के सैंटियागो में 25 नवंबर से 13 दिसंबर तक होने वाले एफआईएच महिला जूनियर विश्व कप 2025 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है। इस टीम की अगुवाई ज्योति सिंह करेंगी, जबकि टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तुषार खांडेकर निभाएंगे।
घोषित टीम में 18 मुख्य खिलाड़ी और 2 वैकल्पिक खिलाड़ी शामिल हैं। खांडेकर ने कहा, 'मैं टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। अनुशासन हमारा मुख्य सिद्धांत है। खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में जबरदस्त मेहनत की है और खेल में उल्लेखनीय सुधार दिखाया है।'
भारत को पूल-सी में रखा गया है और टीम अपना अभियान 1 दिसंबर को नामीबिया के खिलाफ शुरू करेगी। इसके बाद भारत 3 दिसंबर को जर्मनी और 5 दिसंबर को आयरलैंड से भिड़ेगा। पूल की शीर्ष टीमें 7 से 13 दिसंबर के बीच होने वाले नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी।
खांडेकर ने कहा, 'टीम पूरी तरह तैयार और उत्साहित है। लड़कियां विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम
गोलकीपर: निधि, एंगिल हर्षा रानी मिंज
डिफेंडर: मनीषा, लालथनलुआलांगी, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू, नंदिनी
मिडफील्डर: साक्षी राणा, इशिका, सुनेलिता टोप्पो, ज्योति सिंह, खैदेम शिलेमा चानू, बिनिमा धान
फॉरवर्ड: सोनम, पूर्णिमा यादव, कनिका सिवाच, हिना बानो, सुखवीर कौर
वैकल्पिक खिलाड़ी: प्रियंका यादव, पार्वती टोपनो।

