घरेलू सरजमीं पर भारत की लगातार हार से बढ़ी चिंता, WTC 2027 फाइनल पर मंडराया खतरा

punjabkesari.in Monday, Nov 17, 2025 - 04:07 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत की घरेलू टेस्ट क्रिकेट में अभेद्य छवि अब कमजोर पड़ती दिख रही है। वर्षों तक अपने घर में अजेय रहने वाली टीम इंडिया ने हाल के छह घरेलू टेस्ट में चार मुकाबले गंवाए हैं जो पिछले दशक में शायद ही देखने को मिला था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स में 30 रनों की चौंकाने वाली हार ने मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र पर बड़ा असर डाला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले वर्ष की शर्मनाक वाइटवॉश के बाद यह एक और झटका है जिसने भारत की WTC 2027 फाइनल में पहुंचने की राह को मुश्किल बना दिया है। 

भारतीय टीम की घरेलू प्रभुत्व पर लगा ब्रेक

भारत लंबे समय तक घरेलू परिस्थितियों में लगभग अजेय माना जाता था, विशेषकर विराट कोहली की कप्तानी के स्वर्णिम दौर में। लेकिन पिछले दो सालों में तस्वीर बदल गई है। SENA देशों दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का हालिया घरेलू रिकॉर्ड 0-4 है। ईडन गार्डन्स टेस्ट में 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत सिर्फ 93 रन पर ढेर हो गया। दक्षिण अफ्रीका की टीम भी बल्लेबाजी में संघर्ष कर रही थी, लेकिन कप्तान टेम्बा बावुमा की नाबाद 55 रन की पारी निर्णायक साबित हुई।

WTC अंक तालिका में भारत की गिरावट

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार ने भारत को WTC 2025-27 अंक तालिका में चौथे स्थान पर धकेल दिया है। भारत का प्रदर्शन अब तक:

कुल मैच: 8
जीत: 4
हार: 3
ड्रॉ: 1
वर्तमान प्वाइंट्स : 54.17

ऑस्ट्रेलिया 100 PCT के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका 66.67 के PCT के साथ दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। भारत ने इस चक्र में अब तक सबसे अधिक मैच खेले हैं, जिससे बाकी टीमों को आगे निकलने का अवसर मिल रहा है। 

गुवाहाटी टेस्ट के संभावित असर

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में खेला जाएगा जो भारत के WTC भविष्य को काफी हद तक निर्धारित करेगा।

अगर भारत जीतता है : PCT बढ़कर 59.26 हो जाएगा और टीम तीसरे स्थान पर पहुंच सकती है।
अगर मैच ड्रॉ होता है : दक्षिण अफ्रीका 25 वर्षों में पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज़ जीतेगा और भारत चौथे स्थान पर ही रहेगा।
अगर भारत हारता है : टीम पांचवें स्थान पर खिसक जाएगी, जो गंभीर झटका होगा। 

क्या भारत WTC 2027 फाइनल में पहुंच सकता है? 

भारत के पास अभी 10 टेस्ट मैच बचे हैं। इन मुकाबलों में टीम श्रीलंका और न्यूज़ीलैंड के दौरे पर जाएगी और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू सीरीज़ खेलेगी। इन मैचों में कुल 120 अंक दांव पर होंगे। भारत को फाइनल में जगह सुरक्षित करने के लिए कम से कम 8 मैच जीतने होंगे, जिससे PCT लगभग 68.52 तक पहुंच जाएगा जो आमतौर पर शीर्ष दो में जगह दिलाने वाला स्तर है। यदि भारत सिर्फ 7 जीतता है, तो PCT 62.96 रहेगा। ऐसी स्थिति में टीम को दूसरे देशों के परिणामों पर निर्भर रहना पड़ेगा, जिससे क्वालिफिकेशन मुश्किल हो सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News