भारत के पास पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 जीतने की क्षमता : अशोक कुमार

punjabkesari.in Monday, Jan 09, 2023 - 11:19 PM (IST)

झांसी : पूर्व हॉकी प्लेयर अशोक कुमार का कहना है कि भारतीय टीम के पास एफआईएच ओडिशा मेन्स विश्व कप 2023 जीतने की पूरी क्षमता है। हॉकी विश्व कप 1975 के फाइनल में गोल कर टीम को गोल्ड दिलाने वाले अशोक कुमार ने कहा कि घरेलू मैदान पर अपने देश की टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अभी संभावनाएं प्रबल हैं। भारत के पास अच्छे स्ट्राइकर, पेनाल्टी कॉर्नर लेने वाले और अच्छे गोलकीपर हैं इसलिए इस विश्वकप में उनके पास इस विश्वकप में दूर तक जाने के लिए सभी अनुकूल परिस्थितिया मौजूद हैं।

 

अशोक कुमार ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी बहुत उत्साहित या भावुक हो जाते हैं लेकिन अगर वो अपना फोकस रख सके तो ऑस्ट्रेलिया के साथ विश्व कप जीतने के सबसे बड़े दावेदारों में से एक हैं। नीदरलैंड का विश्व कप में हमेशा अच्छा प्रदर्शन रहता है और उसे नजरअन्दाज नहीं किया जा सकता है। पिछले कुछ टूर्नामेंटों में उन्होंने काफी सुधार किया है, इसलिए मुझे उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।


 

उन्होंने कहा कि भारत के साथ साथ बेल्जियम, अर्जेंटीना और इंग्लैंड भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए, कम से कम छह-सात टीमें हैं जो शीर्ष पर हो सकती हैं। यह बेहद दिलचस्प होगा क्योंकि टूर्नामेंट में कड़े मुकाबले होने वाले है और हॉकी को इसकी जरूरत है। भारत स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ ग्रुप डी में है। 

 

गौरतलब है कि हॉकी विश्व कप 1971 के प्रथम विश्व कप में कांस्य पदक, 1973 के द्वितीय विश्व कप मे रजत पदक और 1975(विश्व विजेता) स्वर्ण पदक भारत को जीतकर देने वाले अशोक कुमार 1978 में विश्व कप खेलने वाली भारतीय हॉकी टीम का भी हिस्सा रहे। इसके अलावा 1972 जर्मनी म्यूनिख ओलिम्पिक में कांस्य पदक व 1976 ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम में शामिल रहे अशोक कुमार ने 04 एशियन हॉकी के रजत पदक सहित भारत के लिए कुल 08 पदक जीते।

Content Writer

Jasmeet