केपटाउन टेस्‍ट से पहले द. अफ्रीका ने किया भारत का अपमान, भारतीय ने सुधरवाई गलती

punjabkesari.in Thursday, Jan 04, 2018 - 01:36 PM (IST)

केपटाउन: हर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के पहले ही स्टेडियम में दोनों टीमों के राष्ट्रीय झंडों को फहराया जाता है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में होने वाले पहले टेस्ट से पहले भी एेसा ही हुआ, लेकिन भारतीय तिरंगा उल्टा फहरा दिया गया। करीब दो घंटे तक तक ऐसा होता रहा तथा टीम इंडिया और प्रबंधन का ध्यान भी इस तरफ नहीं गया। जब कुछ पत्रकारों ने इसे देखा तो उन्होंने भारतीय टीम प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके तुरंत बाद तिरंगे को सीधा करके फहराया गया।

दक्षिण अफ्रीकी प्रबंधन से हुई चूक
जिन्हें यह काम सौंपा गया था उन्हें इस बात का इल्म ही नहीं था कि भारतीय झंडे को कैसे फहराते हैं। जब एक भारतीय पत्रकार ने उन्हें इस बारे में बताया, तब वह सही से भारतीय झंडे को फहरा पाए।

ऐसा पहले भी कई बार अन्य स्टेडियमों में हो चुका है, लेकिन भारतीय प्रबंधन इस मामले को लेकर कभी भी इतना संवेदनशील नहीं रहता है। अगर भारतीय टीम प्रबंधन की तरफ से पहले ही मेजबानों को सही जानकारी दे दी जाती तो ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न ही नहीं होतीं। वह भी उस स्थिति में जब टीम के अलावा करीब 10 लोगों का अतिरिक्त स्टाफ भारतीय दल के साथ आया है।