थॉमस कप 2026: भारत को बड़ा झटका, सेमीफाइनल से पहले लक्ष्य सेन चोटिल
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 04:58 PM (IST)
होर्सेंस: डेनमार्क के होर्सेंस में खेले जा रहे थॉमस कप 2026 से भारत को बड़ा झटका लगा है। स्टार शटलर Lakshya Sen दाहिनी कोहनी में सूजन के कारण सेमीफाइनल मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भारत का मुकाबला फ्रांस से है, जहां उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए चुनौती बन सकती है।
क्वार्टर फाइनल में लगी चोट
लक्ष्य सेन को यह चोट चीनी ताइपे के खिलाफ खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान लगी थी। उन्होंने उस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व नंबर-6 चोउ टिएन चेन को 18-21, 22-20, 21-17 से हराया था। यह मुकाबला एक घंटे 28 मिनट तक चला और भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की।
“एहतियात के तौर पर लिया गया फैसला” – BAI
भारतीय बैडमिंटन संघ के सचिव Sanjay Mishra ने कहा, 'क्वार्टर फाइनल में कई बार डाइव लगाने के कारण लक्ष्य की कोहनी में चोट आई। मेडिकल टीम की सलाह पर एहतियात के तौर पर उन्हें सेमीफाइनल से आराम दिया गया है।' उन्होंने आगे जोड़ा, 'उम्मीद है कि अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो लक्ष्य पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे।'
श्रीकांत और आयुष शेट्टी पर जिम्मेदारी
लक्ष्य की गैरमौजूदगी में Kidambi Srikanth और युवा Ayush Shetty पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। आयुष शेट्टी पहले एकल में क्रिस्टो पोपोव से भिड़ेंगे, जबकि श्रीकांत दूसरे एकल मुकाबले में एलेक्स लैनियर का सामना करेंगे। तीसरे एकल में HS Prannoy उतरेंगे।
भारत का पदक पक्का, अब फाइनल पर नजर
भारत सेमीफाइनल में पहुंचकर पहले ही पदक पक्का कर चुका है। टीम 2022 में थॉमस कप जीत चुकी है और इस बार भी खिताब की दावेदार मानी जा रही है। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट हासिल करेंगे।

