IND vs NZ: भारत बनाम न्यूजीलैंड ऑल-फॉर्मेट सीरीज का ऐलान, रोहित-कोहली की मैदान पर वापसी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 10:41 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने 3 जून को भारत और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया। भारत का दौरा अक्टूबर-नवंबर 2026 में होगा, जिसमें दोनों टीमें पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेंगी। खास बात यह है कि वनडे सीरीज को तीन मैचों से बढ़ाकर पांच मैचों का कर दिया गया है।

यह दौरा रोहित शर्मा और विराट कोहली का 2027 वनडे विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड का आखिरी दौरा हो सकता है। दोनों दिग्गज नवंबर में होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज में एक्शन में नजर आएंगे।

टी20 सीरीज से होगी दौरे की शुरुआत

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होगी। पहला और दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा, जबकि तीसरा मैच वेलिंग्टन, चौथा ऑकलैंड और पांचवां मुकाबला हैमिल्टन में आयोजित होगा। टी20 सीरीज का समापन 1 नवंबर को हैमिल्टन में होगा, जिसके बाद दोनों टीमें वनडे सीरीज में भिड़ेंगी।

रोहित-कोहली के लिए अहम होगी 5 मैचों की वनडे सीरीज

वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड में होगी। दूसरा वनडे 7 नवंबर को वेलिंग्टन, तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन, जबकि चौथा और पांचवां मुकाबला 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा। वनडे विश्व कप 2027 को देखते हुए यह सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव पर एक बार फिर टीम की नजरें होंगी।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से अहम टेस्ट सीरीज

टी20 और वनडे सीरीज के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंग्टन में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से बेहद अहम होगी। न्यूजीलैंड दौरा भारत के WTC अभियान के दूसरे चरण का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।

भारत के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा कार्यक्रम

टी20 सीरीज

पहला टी20I – 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
दूसरा टी20I – 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
तीसरा टी20I – 27 अक्टूबर, वेलिंग्टन
चौथा टी20I – 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
पांचवां टी20I – 1 नवंबर, हैमिल्टन

वनडे सीरीज

पहला वनडे – 4 नवंबर, ऑकलैंड
दूसरा वनडे – 7 नवंबर, वेलिंग्टन
तीसरा वनडे – 10 नवंबर, हैमिल्टन
चौथा वनडे – 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई
पांचवां वनडे – 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई

टेस्ट सीरीज

पहला टेस्ट – 19-23 नवंबर, वेलिंग्टन
दूसरा टेस्ट – 27 नवंबर-1 दिसंबर, क्राइस्टचर्च.
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News