IND vs PAK : आज होगा महामुकाबला... क्या किंग कोहली के बिना पहली बार जीत पाएगी भारतीय टीम ?
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 11:55 AM (IST)
नेशनल डेस्क : रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तहत भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। दोनों देशों के बीच होने वाला हर मैच खास होता है, लेकिन इस बार का मुकाबला कई मायनों में अलग और भावनात्मक भी है। मौजूदा परिस्थितियों, हालिया प्रदर्शन और बड़े टूर्नामेंटों में रिकॉर्ड को देखें तो भारतीय टीम को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि भारत-पाकिस्तान मैच में आंकड़े अक्सर पीछे छूट जाते हैं और मुकाबला पूरी तरह दबाव और प्रदर्शन पर निर्भर करता है।
विराट कोहली इस बार नहीं होंगे मैदान पर
पिछले करीब 15 सालों में ऐसा पहली बार होगा जब किसी वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले में विराट कोहली मैदान पर नजर नहीं आएंगे। कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ कई यादगार पारियां खेली हैं, खासकर विश्व कप जैसे बड़े मंच पर। अक्सर देखा गया है कि जब भी भारत को पाकिस्तान के खिलाफ अहम मैच में मजबूत बल्लेबाजी की जरूरत पड़ी, कोहली ने जिम्मेदारी संभाली। उनकी पारियों ने न केवल टीम को जीत दिलाई, बल्कि फैंस के दिलों में भी खास जगह बनाई। इसी वजह से इस बार उनका न होना मैच को थोड़ा अलग और अधूरा सा बना देता है।
प्रेमदासा स्टेडियम और कोहली का खास रिश्ता
कोलंबो का आर. प्रेमदासा स्टेडियम भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के लिहाज से खास रहा है। इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले (दो वनडे और एक टी20) खेले जा चुके हैं। इनमें से दो मैच भारत ने जीते हैं और दोनों में विराट कोहली ने अहम भूमिका निभाई थी। इतना ही नहीं, इन दोनों मुकाबलों में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी मिला था। साल 2023 के एशिया कप में भी इसी मैदान पर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए थे। उस मैच में कोहली ने शानदार शतक जड़ते हुए भारत को बड़ी जीत दिलाने में योगदान दिया था।
टी20 प्रारूप की बात करें तो इस मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच एकमात्र टी20 मुकाबला 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में खेला गया था। उस मैच में कोहली ने नाबाद 78 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। साथ ही गेंदबाजी में भी एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया था।
15 फरवरी की तारीख का भी खास संयोग
15 फरवरी की तारीख भी भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के संदर्भ में खास रही है। ठीक 11 साल पहले, 15 फरवरी 2015 को वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं। वह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में खेला गया था। उस मैच में भी विराट कोहली ने शानदार शतक लगाया था और भारत ने जीत दर्ज की थी। अब 11 साल बाद फिर 15 फरवरी को दोनों टीमें विश्व कप में भिड़ रही हैं, लेकिन इस बार कोहली टीम का हिस्सा नहीं होंगे। यह एक दिलचस्प संयोग है, जिसने इस मुकाबले को और भी खास बना दिया है।
क्या भारत दोहराएगा इतिहास?
हालांकि क्रिकेट में अतीत की उपलब्धियां भविष्य की गारंटी नहीं होतीं, लेकिन भारत का विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मजबूत रिकॉर्ड टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ाता है। विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी की गैरमौजूदगी निश्चित रूप से महसूस की जाएगी, लेकिन भारतीय टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो बड़े मैच का दबाव झेलने का अनुभव रखते हैं।

