धोनी की कप्तानी में भारत ने जीता था एशिया कप का खिताब, खत्म हुआ था 15 साल का इंतजार

punjabkesari.in Thursday, Jun 24, 2021 - 01:07 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने तीनों मुख्य आईसीसी खिताब अपने नाम किए हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने ग्यारह साल पहले आज के दिन श्रीलंका को 81 रनों से हराकर 15 साल के अंतराल के बाद अपना पांचवां एशिया कप खिताब जीता था। 

श्रीलंका के दांबुला में रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिनेश कार्तिक (66 रन), धोनी (38) और रोहित शर्मा (41) की पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 268/6 का स्कोर बनाया। घरेलू टीम के लिए लसिथ मलिंगा और थिलिना कंडम्बी ने 2-2 विकेट लिए। 

भारत से मिले 269 ​​रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका का शीर्ष क्रम ध्वस्त हो गया और टीम ने तेजी से तीन विकेट खो दिए। कंडम्बी और चमारा कपुगेदरा ने साझेदारी बनाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। मेजबान टीम 44.4 ओवर में 187 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने 4 विकेट लिए जबकि जहीर खान और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए। 

कार्तिक को बल्ले से उनके योगदान के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। भारत एशिया कप में सबसे सफल टीम है और उसने अब तक कुल 7 खिताब जीते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News