ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हुआ यह भारतीय क्रिकेटर, लगा लाखों का चूना

punjabkesari.in Friday, Dec 10, 2021 - 04:28 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और सचिन तेंदुलकर के खास मित्र विनोद कांबली ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गए हैं। इसकी जानकारी मुंबई की बांद्रा पुलिस ने दी। पुलिस ने कहा कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली के साथ साइबर क्राइम हुआ है। कुछ लोगों ने बैंक कर्मचारी बनकर उनके साथ 1.13 लाख रूपए की ठगी की है।

पुलिस के अनुसार विनोद कांबली को बैंक अधिकारी बनकर उनका केवाईसी कि डिटेल मांगी गई थी। जब उन लोगों को केवाईसी और बैंक की जानकारी मिल गई तब उन्होंने इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है और विनोद कांबली के बैंक खाते में पैसे भी वापिस डाल दिए गए हैं। 

पुलिस को मिली कांबली की शिकायत के अनुसार उन्हें पहले एक एप्प डाउनलोड करने के लिए कहा गया था। उसके बाद केवाईसी और बैंक की सभी डिटेल धोखाधड़ी करने वालों के पास पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही और ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले लोगों का पता लगा रही है।

गौर हो कि विनोद कांबली ने भारतीय टीम के लिए 1991 से लेकर 2000 तक 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले हैं। टेस्ट मैच में विनोद कांबली ने 54.2 की औसत से 1084 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 2 दोहरे शतक लगाए हैं। वहीं वनडे मैचों में कांबली ने 32.59 की औसत से 2477 रन बनाए हैं। वनडे में कांबली के नाम दो शतक दर्ज हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Raj chaurasiya

Recommended News

Related News