उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे भारतीय क्रिकेटर, पंत के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की

punjabkesari.in Monday, Jan 23, 2023 - 10:38 AM (IST)

मध्य प्रदेश (भारत) : न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच के लिए मध्य प्रदेश पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ सदस्यों ने सोमवार सुबह उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और पूजा की। खिलाड़ियों में सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर भारतीय क्रिकेट टीम के स्टाफ के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्होंने महाकाल से अपने साथी खिलाड़ी ऋषभ पंत के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। 

पंत 30 दिसंबर को एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे और उन्हें कई गंभीर चोटें आई थीं, हालांकि, वह ठीक होने के साथ रिकवरी कर रहे हैं। सूर्यकुमार यादव ने बताया, 'हमने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उनकी वापसी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीत चुके हैं, उनके खिलाफ फाइनल मैच जीतने की उम्मीद कर रहे हैं।' 

खिलाड़ियों और कर्मचारियों ने भगवान शिव की 'भस्म आरती' में भी भाग लिया, जो मंदिर में सुबह के समय की गई। खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट टीम के कर्मचारियों के साथ पोज देते हुए पारंपरिक पोशाक धोती और अंगवस्त्रम पहना था। टीम इंडिया मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेलेगी। 

भारत ने शनिवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज कर लगातार सातवीं एकदिवसीय श्रृंखला अपने नाम की। 

Content Writer

Sanjeev