डच लेडीज ओपन में भारतीय गोल्फरों का जलवा, दीक्षा-अवनी-प्रणवी टॉप-5 में शामिल

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 02:26 PM (IST)

एमेन्स(नीदरलैंड्स): डच लेडीज़ ओपन में भारतीय महिला गोल्फरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। दीक्षा डागर, अवनी प्रशांत और प्रणवी उर्स ने लेडीज़ यूरोपियन टूर (LET) के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में टॉप-5 में जगह बनाई। तीन भारतीय खिलाड़ियों का एक साथ शीर्ष पांच में रहना भारतीय महिला गोल्फ के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

नीदरलैंड्स के एमेन्स में खेले गए इस टूर्नामेंट में दीक्षा डागर और अवनी प्रशांत ने आठ अंडर 208 के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि प्रणवी उर्स सात अंडर के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहीं। यह इस सीजन में दीक्षा का चौथा टॉप-10 फिनिश, अवनी का लगातार दूसरा टॉप-5 और प्रणवी का इस वर्ष पहला टॉप-5 प्रदर्शन रहा।

19 वर्षीय अवनी प्रशांत खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंच गई थीं। 17वें होल तक वह नौ अंडर के स्कोर पर थीं और प्लेऑफ की दावेदार नजर आ रही थीं, लेकिन आखिरी होल पर बोगी कर बैठीं। इससे उनका स्कोर आठ अंडर रह गया और वह विजेता से केवल एक शॉट पीछे रह गईं। अवनी ने अंतिम राउंड में छह बर्डी की मदद से शानदार पांच अंडर 67 का कार्ड खेला।

दीक्षा डागर ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 68, 70 और 69 के राउंड खेलकर संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं प्रणवी उर्स ने शुरुआती राउंड में 73 का स्कोर बनाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 69 और 67 के राउंड खेले और टॉप-5 में जगह बनाई।

टूर्नामेंट का खिताब थाईलैंड की औंचिसा उतामा ने अपने नाम किया। उन्होंने अंतिम राउंड में छह अंडर 66 का शानदार स्कोर बनाया और नौ अंडर पर पहुंचीं। इसके बाद प्लेऑफ के पहले ही होल में नॉर्वे की डोर्थिया फॉरब्रिग्ड को हराकर अपने करियर का पहला लेडीज़ यूरोपियन टूर खिताब जीता। अब भारतीय खिलाड़ी अगले सप्ताह होने वाले चेक लेडीज़ ओपन में इसी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh