2022 से नई जर्सी में दिखेगी भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम

punjabkesari.in Saturday, Dec 18, 2021 - 06:52 PM (IST)

कोलकाता : भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम 2022 से नई जर्सी में दिखेगी। महिला टीम की इस जर्सी का पहला लुक अगले साल देश में होने वाले एएफसी महिला एशिया कप 2022 में दिखेगा, जिसमें वह इस नई जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के महासचिव कुशल दास ने एक बयान में कहा कि हमें विश्वास है कि एएफसी महिला एशियाई कप भारत 2022 जनता को उत्साहित करेगा और भारत में महिलाओं के खेल के बारे में जागरूकता फैलाएगा।

यह टूर्नामेंट साथ ही साथ देश में युवतियों को खेल को अपनाने और अपने सपनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। बहुत लंबे समय से न केवल भारत में, बल्कि विश्व स्तर पर भी महिलाओं का खेल पुरुषों के फुटबॉल की छाया में रहा है। हमें इसे सामूहिक रूप से कदम दर कदम बदलने की जरूरत है। 

दास ने कहा कि हमारे देश में हर एक लड़की जिसने सामाजिक बाधाओं को पार करते हुए विभिन्न स्तरों पर इस खेल को अपनाया है, वह एक सच्ची शेरनी है, इसलिए हमें अपनी लड़कियों को एक व्यक्तिगत पहचान और एक स्वतंत्र किट के साथ सम्मानित करना चाहिए। एक साथ आगे बढ़ते हुए एशिया में अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल के लिए फ्लैगशिप टूर्नामेंट से पहले ऐसा करने का बेहतर अवसर नहीं है। 

उल्लेखनीय है कि नई किट को टाइगर की धारियों वाले डिजाइन एलिमेंट्स से बनाया गया है, जो ब्लू टाइग्रेसेस और ब्लू टाइगर्स की शिकारी प्रवृत्ति को दर्शाता है। नई जर्सी की निर्माता अंबर अनेजा ने इस बारे में कहा कि हम सभी ने पिछले कुछ महीनों में हमारी महिला टीम की प्रगति को देखा है। हमारे लिए सम्मान की बात है कि हम एएफसी एशिया कप भारत 2022 में भारतीय महिला टीम के अभियान शुरू होने से पहले ऐसा कुछ खास करने में सक्षम हुए। 

Content Writer

Raj chaurasiya