भारतीय शैली की कुश्ती को मिली खेल मंत्रालय की मान्यता

punjabkesari.in Saturday, Mar 20, 2021 - 07:21 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय शैली के भारतीय कुश्ती संघ को खेल मंत्रालय से मान्यता मिल गई है और अब यह कुश्ती संघ ओलंपिक में उतरने के लिए दावेदारी कर सकता है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने अपने महासचिव गौरव सचदेवा के साथ शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना महामारी के कारण न केवल भारत में, बल्कि दुनिया भर में मानव जीवन और खेल गतिविधियों पर विराम लग गया था। 

कोरोना ने इस बीच हमारे स्वर्गीय श्री रोशन लाल (द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता) एवं पूर्व महासचिव भारतीय शैली कुश्ती महासंघ जैसे विशेष व्यक्ति को हमारे बीच से छीन लिया जो भारतीय शैली कुश्ती के रचनाकार और प्रवर्तक थे तथा जिनके जाने से कुश्ती के एक युग का अंत हो गया, जिनकी भरपाई कभी नहीं की जा सकेगी। नफे सिंह राठी ने कहा कि आज हम उनके (रोशन लाल) द्वारा कुश्ती के लिए किए गए अछ्वुत प्रयासों को श्रद्धांजलि देते हैं और उनके द्वारा आरंभ किए गए अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए कृत संकल्प हैं।

संघ के महासचिव गौरव सचदेवा ने इस अवसर पर कहा कि आज हमने फैसला लिया है कि हम हिंद केसरी एवं सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन दो महीने के अंदर हरियाणा में करेंगे। नफे सिंह ने इस अवसर पर बताया कि उनकी 23 यूनिट्स हैं और सभी जिलों में उनकी संस्थाएं हैं। नफे सिंह ने साथ ही कहा कुश्ती की विश्व संस्था यूनाइटेड वल्डर् रेसलिंग ने हमें अपनी मान्यता दे दी है और इसके अलावा 75 अन्य देशों ने भी हमें अपनी मंजूरी दे दी है, जिससे कि हम अब ओलंपिक खेलों में भी दावेदारी पेश कर सकेंगे। 

नफे सिंह ने कहा कि हमें आपको यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि भारतीय शैली कुश्ती महासंघ को भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय खेल महासंघ घोषित किया गया है और इस खेल महासंघ को वही विशेषाधिकार मिलेंगे जो भारत सरकार द्वारा अन्य खेल महासंघों को दिए जाते हैं, जैसे कि रेल यात्रा किराए में रियायतें और खेल आरक्षण के तहत भारतीय शैली के पहलवानों की सरकार के विभिन्न विभागों और मंत्रालयों में भर्ती शामिल है। नफे सिंह राठी और गौरव सचदेवा ने खेल मंत्रालय के प्रति तहे दिल से आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे आगे आने वाले समय में विश्वास दिलाते हैं कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे वे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Raj chaurasiya

Recommended News

Related News