इंडियन सुपर लीग : ओडिशा ने रोमांचक मैच में हैदराबाद को 3-2 से हराया

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 03:28 PM (IST)

पुणे : ओडिशा एफसी ने श्री छत्रपति शिवाजी स्पोटर्स कॉम्पलेक्स में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन के रोमांचक मैच में हैदराबाद को 3-2 से हरा दिया है। मैच में अधिकांश समय ओडिशा हावी रही लेकिन दो बार ऐसा मौका आया जब हैदराबाद ने उस पर दबाव बना दिया। खासकर इंजुरी टाइम में ओडिशा पर जीत गंवाने का डर बन गया था। इस मैच से मिले तीन अंक लेकर ओडिशा अंकतालिका में सातवें से छठे स्थान पर आ गई है। उसके आठ मैचों से अब नौ अंक हो गए हैं।

ओडिशा ने सिसको हर्नाडेज के नेतृत्व में कुछ मौके बनाए और आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 11वें मिनट में उसे एक झटका लगा जब इसी आक्रामकता के कारण उसके खिलाड़ी वीनित राय को पीला काडर् थमा दिया गया। जैसे ही हैदराबाद लय पकड़ने की ओर बढ़ रही थी तभी ओडिशा ने गोल कर उसके आत्मविश्वास को कमजोर कर दिया। ओडिशा के लिए यह गोल कार्लोस डेल्गाडो ने 27वें मिनट में किया। इस गोल में डेल्गाडो की मदद सिसको ने ही की। हैदराबाद इस गोल से बाहर निकल वापसी की राह तलाश पाती उससे पहले ही हर्नांडेज ने ओडिशा के लिए दूसरा गोल कर दिया। यह गोल 41वें मिनट में आया। सिसको मैदान के बीच से गेंद लेकर चले और जैरी को पास दिया।

जैरी ने थोड़ी देर गेंद अपने पास रखी ओर मौका पाते ही सिसको को लौटा दी जिन्होंने अपने बाएं पैर से गेंद को नेट में डाल मेजबान टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में जरूर हैदराबाद को राहत की सांस मिली। 65वें मिनट में उसे पेनल्टी मिली जिसे बोबो ने गोल में तब्दील कर हैदराबाद की वापसी की राह को खोल दी। लेकिन हैदराबाद के डिफेंस की गलती का फायदा उठा ओडिशा ने पेनल्टी पर पेरेज गुइडेज के गोल से स्कोर 3-1 पहुंचा दिया। इसके बाद हैदराबाद ने 80वें मिनट में बार्नस को बाहर कर रोहित कुमार को मौका दिया गया। मैदान पर आने के नौ मिनट बाद रोहित ने हैदराबाद के लिए दूसरा गोल कर उसकी बराबरी की संभावाएं एक बार फिर जिंदा कीं। लेकिन इंजुरी टाइम में ओडिशा ने आक्रामकता दिखाई और अंतत: वह सफल रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sanjeev

Recommended News

Related News