युवा एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, वर्ल्ड कप क्वालीफायर पर रहेगी नजर

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 03:26 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : हॉकी इंडिया ने 20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में होने वाली पहली एफआईएच अंडर-18 युवा हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट पहली बार आयोजित हो रहा है और एफआईएच अंडर-18 हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए एशिया का आधिकारिक क्वालीफायर भी होगा।

एशिया की सात-सात टीमें लेंगी हिस्सा

टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सात-सात टीमें भाग लेंगी।

पुरुष वर्ग: भारत, मेजबान ओमान, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश।
महिला वर्ग: भारत, पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और ईरान।

राष्ट्रीय शिविर के बाद हुआ खिलाड़ियों का चयन

भारतीय टीम का चयन भोपाल में आयोजित महिला और चंडीगढ़ में आयोजित पुरुष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान 15-15 खिलाड़ियों के समूह में से किया गया। महिला टीम में गोलकीपर के रूप में खिली कुमारी और महक परिहार को जगह मिली है, जबकि पुरुष टीम में यह जिम्मेदारी सावन कुमार और आयुष रजक संभालेंगे।

महिला टीम की कोच रानी का बड़ा बयान

महिला टीम की मुख्य कोच रानी ने कहा, 'हमने कौशल, गति और जज्बे का शानदार संतुलन रखने वाली टीम चुनी है। खिलाड़ियों ने तैयारी शिविर में कड़ी मेहनत की और अपने खेल के हर पहलू को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता दिखाई है।'

उन्होंने आगे कहा, 'यह टूर्नामेंट हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए एशिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ खुद को परखने का शानदार मौका होगा। हमें भरोसा है कि खिलाड़ी निडर होकर खेलेंगे और भारत का नाम रोशन करेंगे।'

सरदार सिंह बोले- टीम आक्रामक हॉकी खेलने को तैयार

सब-जूनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने टीम के प्रदर्शन पर भरोसा जताते हुए कहा, 'टीम ने ट्रेनिंग कैंप के दौरान लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और कड़ी मेहनत की है। हॉकी फाइव्स तेज, रचनात्मक और दबाव में संयम बनाए रखने वाला प्रारूप है, जिसके लिए खिलाड़ियों ने खुद को अच्छी तरह तैयार किया है।' उन्होंने आगे कहा, 'हमारा लक्ष्य ऐसी टीम तैयार करना था जो आत्मविश्वास के साथ हमारी रणनीति को मैदान पर उतारे और आक्रामक हॉकी खेले।'

भारतीय महिला टीम

गोलकीपर: खिली कुमारी, महक परिहार
डिफेंडर: नीलम टोपनो, किरण एक्का
मिडफील्डर: दीया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी
फॉरवर्ड: नौशीन नाज, संदीप कुमारी, स्वीटी कुजूर (कप्तान)

भारतीय पुरुष टीम

गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक
डिफेंडर: करण गौतम, आशीष तानी पूर्ति
मिडफील्डर: राहुल यादव, रोमित पाल
फॉरवर्ड: केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रहलाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh