टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय महिलाओं ने हासिल की सबसे बड़ी जीत, कप्तान हरमनप्रीत ने कही यह बात

punjabkesari.in Saturday, Dec 16, 2023 - 04:36 PM (IST)

खेल डैस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में इंगलैंड के खिलाफ खेला गया एकमात्र टेस्ट 347 रन से जीत लिया। यह महिला टेस्ट में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। टीम इंडिया को यह ऐतिहासिक जीत दिलाने में भारतीय ऑलराऊंडर दीप्ति शर्मा का बड़ा योगदान रहा। दीप्ति जहां बल्लेबाजी के दौरान एक अर्धशतक लगाने में सफल रही तो वहीं, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 9 विकेट चटकाए। टेस्ट के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी उत्कृष्ठ प्रदर्शन रहा। उन्होंने टेस्ट जीतने के बाद अपने प्लेयरों का उत्साह बढ़ाया। 

 

 

महिला टेस्ट में जीत का सबसे बड़ा अंतर (रनों के हिसाब से)
347 - भारतीय महिला बनाम इंगलैंड महिला, मुंबई, 2023
309- श्रीलंका महिला बनाम पाकिस्तान महिला, कोलंबो, 1998
188 - न्यूजीलैंड महिला बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला, डरबन, 1972
186 - ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम इंगलैंड महिला, एडिलेड, 1949
185 - इंग्लैंड महिला बनाम न्यूजीलैंड महिला, ऑकलैंड, 1949


भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। मैच की शुरुआत में हम यही सोच रहे थे कि गेम कैसे जीता जाए। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ। यह एक योजना थी, हमें उन योजनाओं को लागू करना था। इस खेल के शुरू होने से पहले तैयारी के लिए हमारे पास कुछ दिन थे। सभी खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी ली और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

 


मैच की बात करें तो इसमें पहले 40 मिनट महत्वपूर्ण थे, एक टीम के रूप में हम विकेट लेना चाह रहे थे। मैं जानती हूं कि मुझे भविष्य में शतक बनाने के मौके मिलेंगे, लेकिन यहां इस वक्त गेम जीतना महत्वपूर्ण था। गेंदबाज योजनाओं पर चले जिससे हम अपने मकसद में कामयाब रहे।

 

वहीं, टीम इंडिया की बड़ी जीत पर कोच अमोल मुजुमदार ने कहा कि यह शानदार रहा। कोई भी टेस्ट मैच आसान नहीं होता लेकिन लड़कियों ने टेस्ट मैच से पहले जो प्रयास किया वह अच्छा था। यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत है। वे सभी जिन्होंने पदार्पण किया, जिन्होंने अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की। इंग्लैंड एक शीर्ष टीम है - इसमें कोई संदेह नहीं है। आप स्टोक्सी (दीप्ति का जिक्र करते हुए) के बारे में बात कर रहे हैं। मैं मजाक में उन्हें टीम में बेन स्टोक्स कहकर बुलाता हूं। वह आत्मविश्वास रखती है और जो आत्मविश्वास उसने हासिल किया है। वह टीम को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है। हमारे पास बैक टू बैक टेस्ट हैं - ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। हम चार दिन बाद ऑस्ट्रेलिया से खेलेंगे।

बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रिकॉर्ड टेस्ट जीतने पर बधाई दी।

 

 

Content Writer

Jasmeet