भारतीय महिला हाॅकी टीम की डिफेंडर सुनीता लकड़ा ने चोट के कारण लिया संन्यास

punjabkesari.in Thursday, Jan 02, 2020 - 01:10 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय महिला हाॅकी टीम की डिफेंडर सुनीता लकड़ा ने गुरूवार को घुटने की चोट के कारण अंतरराष्ट्रीय हाॅकी से संन्यास की घोषणा की। वह 2018 के एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें चोट के कारण दोबारा घुटने की सर्जरी करानी पड़ेगी। इस तरह 28 साल की खिलाड़ी का तोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का सपना टूट गया। 


हाॅकी इंडिया द्वारा जारी बयान के अनुसार उन्होंने कहा, ‘आज मेरे लिए बहुत भावुक दिन है क्योंकि मैंने अंतरराष्ट्रीय हाकी से संन्यास लेने का फैसला किया है।' सुनीता ने 2008 से टीम से जुड़ने के बाद 2018 की एशियाई चैम्पियंस ट्राॅफी के दौरान भारत की कप्तानी की जिसमें टीम दूसरे स्थान पर रही थी। उन्होंने भारत के लिए 139 मैच खेले और वह 2014 के एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता टीम का भी हिस्सा रहीं। उन्होंने कहा, ‘मैं भाग्यशाली रही कि 2016 में रियो ओलंपिक में खेल सकी जिसमें तीन दशक में पहली बार भारतीय महिला टीम ने शिरकत की। लेकिन घुटने की चोटों ने तोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनने का मेरा सपना तोड़ दिया।' 

 

neel