भारतीय महिला फुटबॉल टीम फैरो आइलैंड से 2-4 से हारी

punjabkesari.in Thursday, Jul 07, 2022 - 09:44 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत की अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम को गुरूवार को नार्वे के स्ट्रोमेन में फैरो आइलैंड के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमें नियमित समय में गोल नहीं कर सकीं जिससे मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। भारत ने शुरू में 2 कॉर्नर हासिल किए लेकिन शैलजा का क्रॉस प्रतिद्वंद्वी टीम के डिफेंस ने रोक दिया। भारतीय टीम का यूरोप का यह दौरा आगामी अंडर-17 विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा है जिसकी मेजबानी भारत करेगा।

30 मिनट से ज्यादा का समय हो चुका था और भारत को एक फ्री किक मिली जिस पर डिफेंडर नाकेटा ने शॉट लगाया लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीम की गोलकीपर ने आसानी से इसे लपक लिया। कुछ मिनट बाद लिंडा कोम सर्टो ने जगह बनाने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम रहीं। नीतू लिंडा ने रिबाउंड पर शॉट लगाया लेकिन यह सीधा गोलकीपर के पास गया।

कोच थॉमस डेनेरबी ने हाफ टाइम के ब्रेक के बाद कुछ बदलाव किए। काजोल डिसूजा और रेजिया देवी ने नेहा और शैलजा की जगह ली। दोनों टीमों की ओर से प्रयास होते रहे और फिर रैफरी ने 4 मिनट का इंजुरी समय जोड़ा। फिर पेनल्टी शूटआऊट में फैरो आइलैंड ने जीत दर्ज की। इसमें नीतू लिंडा और अनीता कुमारी ने भारत के लिए गोल किए जबकि वर्षिका और काजोल डिसूजा को प्रयास विफल रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News