MS Dhoni से प्रेरणा लेकर छोड़ी नौकरी, अब भारत के खिलाफ उतरेगा ये पाकिस्तानी खिलाड़ी
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 03:44 PM (IST)
कोलंबो : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी अनोखी गेंदबाजी एक्शन के कारण सुर्खियों में आए पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर Usman Tariq ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि भारत के पूर्व कप्तान MS Dhoni की बायोपिक M.S. Dhoni: The Untold Story ने उन्हें अपनी नौकरी छोड़कर फिर से क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया।
तारिक ने कहा कि एक समय उन्होंने क्रिकेट में नाम कमाने का सपना छोड़ दिया था और सेल्समैन की नौकरी करने लगे थे। लेकिन जब उन्होंने धोनी की फिल्म देखी, तो उनके अंदर दोबारा जुनून जागा।
'मैंने क्रिकेट में पहचान बनाने का सपना छोड़ दिया था, लेकिन एक दिन यह फिल्म देखी और लगा कि मैं भी ऐसा कर सकता हूं,' तारिक ने कहा।
शानदार टी20 रिकॉर्ड
28 वर्षीय तारिक ने 1 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अब तक चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वह 11 विकेट ले चुके हैं, जिसमें एक चार विकेट हॉल भी शामिल है। उनका औसत महज 7.90 का रहा है, जो काफी प्रभावशाली है।
गेंदबाजी एक्शन पर विवाद
हालांकि उनकी साइड-आर्म एक्शन को लेकर सवाल उठे हैं। गेंद छोड़ने से पहले उनके रुकने के अंदाज पर कुछ आलोचकों ने ‘चकिंग’ का आरोप लगाया। इस पर तारिक ने सफाई दी कि उनके कोहनी में “दो कॉर्नर” हैं, जो दुर्लभ है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें दो बार आईसीसी से क्लीन चिट मिल चुकी है और उनका एक्शन पूरी तरह वैध है।
अब भारत से टक्कर
तारिक अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में खेलते नजर आएंगे। भारत-पाकिस्तान का यह मैच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।

