Commonwealth Games के लिए IOA ने 322 सदस्यीय भारतीय दल की घोषणा की

punjabkesari.in Saturday, Jul 16, 2022 - 08:27 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय ओलिम्पिक संघ ने आगामी बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 215 खिलाडिय़ों के साथ 322 सदस्यों के दल की घोषणा की। दल में 107 अधिकारी एवं सहायक कर्मचारी है। इन खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक इंग्लैंड के शहर में होगा। भारत गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों की तालिका में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा था और टीम की कोशिश इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करने की होगी।

 

आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि हम अपना सबसे मजबूत दल राष्ट्रमंडल खेलों में भेज रहे हैं। हम निशानेबाजी में काफी मजबूत रहे है लेकिन वह इस बार इन खेलों का हिस्सा नहीं है। इसके बावजूद हम पिछले सत्र के मुकाबले इस बार बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर आश्वस्त हैं। यहां जारी विज्ञप्ति में इस खेल निकाय के शीर्ष पदाधिकारी ने एथलीटों और महासंघों को समर्थन देने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया। 

मेहता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार ने  खेलों को अभूतपूर्व समर्थन दिया है और ओलंपिक खेलों में हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस बात की तस्दीक करता है। टीम में कुछ प्रमुख नामों में ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, पीवी सिंधू, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बजरंग पूनिया और रवि कुमार दहिया शामिल हैं। 

इसके अलावा मौजूदा राष्ट्रमंडल चैंपियन मनिका बत्रा, विनेश फोगाट के साथ-साथ 2018 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तजिंदरपाल सिंह तूर, हिमा दास और अमित पंघाल भी दल का हिस्सा हैं। तूर ने हालांकि शनिवार को ही चोट के कारण इन खेलों से हटने की घोषणा की। तूर अमरीका के यूजीन में चल रही विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप से पहले लगी ‘ग्रोइन’ चोट के कारण राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गए।

भारतीय मुक्केबाजी संघ (बीएफआई) के उपाध्यक्ष राजेश भंडारी टीम के ‘शेफ डी मिशन’ (दल प्रमुख) हैं। भारतीय खिलाड़ी 15 खेलों और चार पैरा खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम को मुक्केबाजी, बैडमिंटन, हॉकी, भारोत्तोलन, महिला क्रिकेट और कुश्ती जैसे पारंपरिक रूप से मजबूत खेल में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। 

महिला क्रिकेट (टी20 प्रारूप) पहली बार इन खेलों का हिस्सा बना है। कुछ भारतीय खिलाड़ी पहले ही बर्मिंघम पहुंच चुके है जबकि कुछ वैश्विक टूर्नामेंटों में भाग लेने के बाद सीधे वहां पहुंचेंगे। बाकी बचे हुए खिलाड़ी नयी दिल्ली से रवाना होंगे। राष्ट्रमंडल खेल गांव आधिकारिक रूप से 23 जुलाई को दल के लिए खुलेगा। भारतीय दल 5 अलग-अलग जगहों पर रहेगा।

Content Writer

Jasmeet