गेल समेत 3 दिग्गजों को पछाड़ IPL सिक्सर किंग बने धोनी

punjabkesari.in Thursday, May 03, 2018 - 10:49 PM (IST)

जालन्धर : कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले जा रहे ट्वंटी-20 दौरान चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऐसी धुआंधार पारी खेली जिसके दम पर वह किंग्स इलैवन पंजाब के खिलाड़ी क्रिस गेल को पीछे छोड़ गए। दरअसल धोनी आईपीएल-11 में अब तक 24 छक्के लगा चुके हैं। ऐसा कर उन्होंने क्रिस गेल (23) को पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज एबी डीविलियर्स, कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर आंदे्र रसैल के नाम पर भी 23 छक्के दर्ज है।

ऑल टाइम छक्कों के मामले में रैना की बराबरी की
धोनी ने कोलकाता के खिलाफ 43 रन की अपनी पारी दौरान चार गगनचुंबी छक्के भी लगाए। इन छक्कों की मदद से उन्होंने आईपीएल में अपने छक्कों की संख्या 180 कर ली। ऐसा कर उन्होंने अपनी ही टीम के मेंबर सुरेश रैना की बराबरी कर ली है। रैना जहां आईपीएल में 169 मैच खेल चुके हैं तो वहीं धोनी 168 मैच खेल चुके हैं। धोनी ने छक्कों के मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज एबी डीविलियर्स को पीछे छोड़ा है जो 135 मैच में अब तक 179 छक्के लगा चुके हैं।

अंबाति रायडू बने लीडिंग स्कोरर
चेन्नई सुपर किंग्स के अंबाति रायडू कोलकाता के खिलाफ 21 रन बनाकर आईपीएल-11 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम पर 391 रन हो गए हैं। उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के ऋषभ पंत को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम पर 375 रन दर्ज है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर 349 रन के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली बने हुए हैं।

Punjab Kesari