IPL 2019 : पोलार्ड की आतिशी पारी, मुंबई ने पंजाब को 3 विकेट से हराया

punjabkesari.in Thursday, Apr 11, 2019 - 12:21 AM (IST)

मुंबई :  वानखेड़े के मैदान पर मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलैवन पंजाब से मिले 198 रनों के भारी भरकम लक्ष्य को अपने धाकड़ बल्लेबाज कैरोन पोलार्ड की आतिशी पारी की बदौलत हासिल कर लिया। पोलार्ड ने 31 गेंदों में तीन चौके और 10 छक्कों की मदद से शानदार 83 रन बनाकर अपनी टीम की जीत की नींव रखी। पंजाब ने पहले खेलते हुए अपने सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के शतक और क्रिस गेल के तेजतर्रार 63 रनों की मदद से 197 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने भी अच्छी शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा की गैर मौजूदगी में सिदेश लाड को ओपनिंग पर उतारा गया। उन्होंने आत्मविश्वास से भरे शॉट जरूर खेले लेकिन चौथे ओवर में ही वह मोहम्मद शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। 


क्वांटिम डिकॉक और सूर्यकुमार यादव ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन टफ पिच पर वह तेजी से रन नहीं बना पा रहे थे। आखिरकार आठवें ओवर में सूर्यकुमार सैम कुरैन की गेंद पर कैच आऊट हो गए। आठवें ओवर में डिकॉक भी चलते बने। इसके बाद पोलार्ड ने ईशान किशन के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन ईशान 12वीं ओवर में रन आऊट हो गए।  रिक्वायर्ड रेट जब बढऩे लगी तो रन गति को तेजी से बढ़ाने के चक्कर में हार्दिक पांड्या मिलर को कैच थमा बैठे। हार्दिक ने 19 रन बनाए। 


हार्दिक आऊट हुए तो उसी ओवर में क्रुणाल पांंड्या भी महज 1 रन बनाकर चलते बने। उन्हें भी शमी ने मिलर के हाथों कैच आऊट कराया। लेकिन एक छोर पर खड़े पोलार्ड ने ताबड़तोड़ शॉट लगाने जारी रखे। पोलार्ड ने 19वें ओवर में बढ़े शॉट लगाकर मैच मुंबई की झोली में ला खड़ा किया। आखिरी ओवर में मुंबई को 15 रन चाहिए थे। पोलार्ड ने एक और छक्का और एक चौका मारकर मुंबई के पक्ष में मैच किया लेकिन अगली ही गेंद पर वह भी आऊट हो गए। मुंबई को आखिरी 4 गेंदों में 4 रन चाहिए थे।  जिसे अल्जारी ने आखिरी गेंद पर अंजाम दे दिया।

इससे पहले किंग्स इलैवन पंजाब के लिए पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल ने 64 गेंद में छह छक्कों और छह चौकों की मदद से नाबाद 100 रन की पारी खेलने के अलावा गेल (63) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी भी की। गेल ने तूफानी पारी खेलते हुए 36 गेंद की पारी में सात छक्के और तीन चौके मारे। रोहित शर्मा के चोटिल होने के कारण कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभा रहे कीरोन पोलार्ड ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन गेल और राहुल ने उनके फैसले को गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। 

राहुल और गेल ने धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल की। टीम पहले चार ओवर में 20 रन ही बना सकी। गेल ने इसके बाद मोर्चा संभाला और पांचवें ओवर में जेसन बेहरेनडोर्फ (35 रन पर एक विकेट) पर तीन छक्के और एक चौका मारा। किंग्स इलेवन की टीम पावर प्ले में बिना विकेट खोए 50 रन बनाने में सफल रही। राहुल ने इसके बाद पिछले मैच में आईपीएल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले अल्जारी जोसेफ का स्वागत छक्के और चौके के साथ किया। 


गेल ने पंड्या (57 रन पर दो विकेट) को भी निशाना बनाते हुए उनके ओवर में दो चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने 11वें ओवर में कृणाल पंड्या पर सीधे छक्के के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम के रनों का शतक भी पूरा किया। राहुल ने भी बेहरेनडोर्फ की गेंद पर एक रन के साथ 41 गेंद में लगातार तीसरा और मौजूदा सत्र का चौथा अर्धशतक पूरा किया। गेल हालांकि इसी ओवर में कृणाल को कैच दे बैठे। उन्होंने 36 गेंद की अपनी पारी में सात छक्के और तीन चौके मारे। 

Sanjeev