IPL 2021 : प्लेऑफ में कैसे पहुंचेंगे... पर आया रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड

punjabkesari.in Saturday, Oct 02, 2021 - 07:34 PM (IST)

नई दिल्ली : प्लेऑफ में बने रहने के लिए मुंबई इंडियंस के लिए दिल्ली के खिलाफ मैच जीतना जरूरी था। हालांकि उम्मीदें अभी बरकरार है लेकिन मुंबई को बड़े अंतर से मैच जीतने होंगे ताकि वह पंजाब और कोलकाता को नेट रन रेट से पछाड़कर आगे बढ़ सके। वहीं, दिल्ली से मैच गंवाने के बाद मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हम जानते थे कि यह पिच थोड़ी कठिन होगी। हमने यहां बहुत सारे मैच देखे हैं। यहां बहुत सारे रन बनाना आसान नहीं है। हम अच्छी तरह से तैयार थे और हमें पता था कि हमें क्या करना है। लेकिन मुझे लगता है कि हम अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। 

रोहित बोले- हम जानते थे कि यह 170-180 रन का विकेट नहीं था। लेकिन यहां करीब 140 का स्कोर डिफेंड किया जा सकता था। हमारे लिए मुख्य समस्या साझेदारी न बनना रही। मैं व्यक्तिगत रूप से इसे स्वीकार करता हूं कि अगर आपके बल्लेबाज बोर्ड पर रन नहीं बना रहे हैं, खेल जीतना मुश्किल हो जाता है। हम मैच के दौरान अपनी योजनाओं को अमलीजामा नहीं पहना सके। यह निराशाजनक है। हम अपनी क्षमता के अनुसार नहीं खेले। उम्मीद है कि अगले दो मैचों में हम वैसे ही खेलेंगे जिसके लिए हमें जाना जाता है। 

बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स से हार के बाद मुंबई इंडियंस का समीकरण थोड़ा बिगड़ गया है। उन्होंने 12 में से सात मैच गंवाकर सिर्फ 10 प्वाइंट बनाए हैं। अब उन्हें आगे बढऩे के लिए अपने दोनों आगामी मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। मुंबई को कोलकाता से टक्कर मिल सकती है जिनकी नैट रन रेट (+0.302) अभी प्लस में चल रही है।  चौथे स्थान के लिए अभी कोलकाता, पंजाब और मुंबई के बीच जंग जारी है। राजस्थान भी अगर अपने आगामी तीनों मैच जीत लेगी तो वह भी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है। 

Content Writer

Jasmeet